संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। सीओ मेंहदावल सर्वदवन सिंह ने सोमवार को बेलहरकला थाना का त्रैमासिक निरीक्षण किया। परिसर की साफ सफाई, बैरक, थाना कार्यालय, मालखाना, शस्त्रागार, बंदी गृह, महिला हेल्प डेस्क आदि को चेक करने के साथ-साथ कार्यालय में रखे विभिन्न महत्वपूर्ण अभिलेखों की जांच की। अपराध रजिस्टर, आगंतुक रजिस्टर, त्योहार रजिस्टर, भूमि विवाद रजिस्टर, हत्या व बलवा से संबंधित रजिस्टर, बीट सूचना रजिस्टर को अद्यतन रखने के निर्देश दिए। शस्त्रागार में शस्त्रों को नियमित साफ-सफाई करने, निष्प्रोज्य दंगा नियंत्रण उपकरणों को बदलकर नए प्राप्त करने, लंबे समय से थाने में दाखिल अभियोगों से संबंधित लावारिस एवं जब्त वाहनों का विधिक निस्तारण करने के लिए कहा। साथ ही मिशन शक्ति केंद्र पर नियुक्त महिला पुलिस कर्मी को आने वाली महिला फरियादियों की समस्या को सहानुभूति पूर्वक सुनकर उनका तत्काल निस्तारण कराने के आदेश दिए। इस दौरान प्रभारी निरीक्षक थाना बेलहरकला अनिल कुमार सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।