मगहर महोत्सव में आयोजित विभिन्न परियोजनाओ का शिलान्यास करते मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ साथ मे
सेमरियावां में राजकीय आईटीआई व सीएचसी बेलहरकला समेत 114 परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास किया
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को जिले को 360 करोड़ की 114 परियोजनाओं की सौगात दी। इन परियोजनाओं से जिले के विकास को पंख लगने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री ने कबीर मगहर महोत्सव के समापन अवसर पर सामूहिक विवाह योजना के तहत नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देने के साथ कई परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास भी किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र व प्रदेश सरकार की उपलब्धियों को गिनाते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को फिर सत्ता सौंपने की अपील की। सीएम ने जिन परियोजनाओं का लोकार्पण किया, उसमें प्रमुख रूप से मुहिलापुर-घूरापाली मार्ग, टड़वरिया समोगर मेंहदूपार मार्ग के चौड़ीकरण, कांटामान सिंह व सेमरियावां में राजकीय आईटीआई व सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेलहरकला शामिल हैं। इसके साथ ही खलीलाबाद नगर पालिका के पुनर्गठन पेयजल योजना पार्ट वन व टू, पायलपार से भुवरिया मार्ग का चौड़ीकरण व मरम्मत, बांसी-नंदौर से अतरीनानकार मार्ग का चौड़ीकरण , नाथनगर के टिकुईकोल टोला से उत्तर लक्ष्मी दास कुटी आदि का शिलान्यास किया। इसके साथ ही सुरक्षा के दृष्टिकोण से कलक्ट्रेट परिसर में बने कंट्रोल सेंटर का भी लोकार्पण किया और कहा कि इससे पूरे जिले की निगरानी हो सकेगी।