मंगलवार को पूरे दिन बादल छाया रहा।
संतकबीरनगर। मंगलवार को दिन में अचानक आसमान में बादल छा गए। इसके साथ ही हवा भी चलने लगी। इससे लोगों को ठंड का अहसास हुआ। लोग बारिश की संभावना जताते रहे, लेकिन बारिश तो नहीं हुई पर पूरे दिन बादल छाए रहे।
मौसम का मिजाज बार-बार बदल रहा है। कभी तेज धूप हो रही है तो कभी बादल छा जा रहे हैं। मौसम के इस उतार चढ़ाव के कारण किसानों की चिंता बढ़ गई है। किसान राधेश्याम चौरसिया, बालमुकुंद आदि ने कहा कि इस समय गेहूं की फसल पकने लगी है। ऐसे में यदि तेज बारिश हो गई तो फसल को नुकसान हो सकता है। सरसों की फसल को भी नुकसान होने की संभावना है। वैसे मंगलवार को अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस तो न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे। साथ ही हवा भी चलती रही, इसके कारण सुबह लोगों को ठंड का अहसास हुआ। हालांकि, दिन में धूप खिली।
जिला कृषि अधिकारी पीसी विश्वकर्मा ने कहा कि हल्की बारिश होने से नुकसान की संभावना कम है, लेकिन यदि तेज बारिश हो जाएगी तो फसल को नुकसान पहुंच सकता है।