- एसपी को तहरीर देकर लगाई न्याय की गुहार
- महुली क्षेत्र के सुबखरी गांव का रहने वाला
संवाद न्यूज एजेंसी
हरिहरपुर। एक प्राइवेट कंपनी में बतौर तकनीशियन काम कर रहे व्यक्ति ने मोबाइल पर भेजे गए लिंक पर क्लिक कर दिया। जिसके बाद खाते से 60 हजार रुपये निकल गए। जब पीड़ित को पता चला तो उसने साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर पर शिकायत दर्ज कराई। साथ ही एसपी को प्रार्थनापत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है।
महुली क्षेत्र के सुबखरी गांव निवासी सुरेंद्र कुमार यादव ने बताया कि वह एक निजी कंपनी में बतौर तकनीशियन नौकरी करते हैं। बुधवार को वे लखनऊ में थे उसी दौरान एक फोन काॅल आया। फोन करने वाले ने खुद को एक कुरियर कंपनी का कर्मचारी बताकर सुरेंद्र के मोबाइल पर एक लिंक भेज दिया। यह कहकर लिंक पर क्लिक करने के बाद उसका सामान उसे भेज दिया जाएगा।
मोबाइल पर बात करते हुए सुरेंद्र ने दिए गए लिंक पर क्लिक कर दिया। उसके बाद खाते से रुपये निकलना शुरू हो गए। कुल पांच ट्रांजेक्शन के साथ 60 हजार रुपये निकल गए। मोबाइल पर बात करने के बाद जब सुरेंद्र ने मोबाइल पर मैसेज देखा तो उसके होश उड़ गए। उसने साइबर ठगी का शिकार होने की सूचना हेल्पलाइन नंबर पर की। बृहस्पतिवार को एसपी को तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई है।
पीड़ित ने बताया कि उसका खाता विश्वनाथपुर स्थित बड़ौदा-यूपी बैंक में है। कंपनी से संबंधित उसका कारोबार एक कुरियर कंपनी के जरिए होता है। इसी के चलते वह साइबर ठग के झांसे में आ गया और भेजे गए लिंक को दबा दिया।