संतकबीरनगर। हेल्थ एंड वेलनेस सेंटरों पर मरीजों को बेहतर सुविधाएं मिले, इसके लिए अब कम्युनिटी हेल्थ अधिकारियों की ड्यूटी किसी अन्य कार्यक्रम में नहीं लगाई जाएगी। इसके लिए मिशन निदेशक ने पत्र जारी किया है। कम्युनिटी हेल्थ अधिकारियों से समुदाय को स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने का ही कार्य लेने की बात कही गई है। जिला कम्युनिटी प्रोसेस मैनेजर संजीव सिंह ने बताया कि सीएचओ अब हेल्थ एंड वेलनेस सेंटरों पर अपनी जिम्मेदारी निभाएंगे।
मिशन निदेशक डॉ.पिंकी जोवल ने जिला स्वास्थ्य समिति के अध्यक्ष एवं डीएम को भेजे पत्र में कहा है कि आयुष्मान भारत कार्यक्रम के अंतर्गत जन समुदाय को घर के नजदीक गुणवत्तापरक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से समस्त उपकेंद्रों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों व शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों को हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर के रूप में सुदृढीकरण किया जा रहा है। इन उपकेंद्र स्तरीय हेल्थ एंड वेलनेस सेंटरों पर कार्यरत कम्युनिटी हेल्थ अधिकारी की समुदाय को नियमित रूप से मातृ स्वास्थ्य, बाल स्वास्थ्य, शिशु स्वास्थ्य, किशोर स्वास्थ्य, परिवार नियोजन, संचारी रोग एवं गैर संचारी रोगों से संबंधित सेवाएं एवं औषधियों व आवश्यक जांचे एवं टेलीकन्सल्टेशन आदि सेवाएं प्रदान की जा रही है। वर्तमान में जन समुदाय मं विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं के बारे में जागरूकता बढ़ाने और महत्वपूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं से संतृप्त करने के उद्देश्य से आयुष्मान भव अभियान का संचालन किया जा रहा है। जो कि सरकार की शीर्ष प्राथमिकता में हैं। इसमें कम्युनिटी हेल्थ अधिकारियों को आयुष्मान मेला, एनसीडी स्क्रीनिंग, आभा आईडी, टेलीकन्सल्टेशन आदि कार्य करना है। ऐसे में सेंटरों पर कम्युनिटी हेल्थ अधिकारियों की उपस्थिति नियमित रहे, उनकी ड्यूटी हेल्थ एंड वेलनेस सेंटरों के अतिरिक्त अन्य कार्यक्रमों में न लगाई जाए। इस संबंध में जिला कम्युनिटी प्रोसेस मैनेजर संजीव सिंह ने कहा कि शासन के निर्देश का पालन कराया जाएगा।