संतकबीरनगर। मुख्यमंत्री के जनपद में आगमन को लेकर पुलिस-प्रशासन पुरी तरह मुस्तैद नजर आया। बुधवार को खलीलाबाद रेलवे स्टेशन पर तलाशी अभियान चलाया गया।
सुरक्षा व्यवस्था को सुनिश्चित करने के लिए, आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त टीम ने कई ट्रेनों सहित प्लेटफार्म पर मौजूद यात्रियों और उनके सामान की जांच की। आरपीएफ इंस्पेक्टर संजय कुमार मिश्रा और जीआरपी इंस्पेक्टर आदित्य सिंह के नेतृत्व में करीब 40 जवानों ने गोरखधाम, वैशाली, सत्याग्रह और आम्रपाली एक्सप्रेस समेत आधा दर्जन ट्रेनों में चेकिंग अभियान चलाया।
इस दौरान प्लेटफार्म पर मौजूद यात्रियों के गंतव्य स्थल की जानकारी लेने के साथ ही आरपीएफ टीम ने उनके सामान की गहन तलाशी ली। वहीं, जीआरपी की टीम ने ट्रेनों के अंदर जाकर सुरक्षा व्यवस्था की स्थिति देखी। यात्रियों से संवाद कर उनकी समस्याओं को भी जाना। हालांकि, पूरी चेकिंग के दौरान एक भी संदिग्ध व्यक्ति नहीं मिल सका न तो कोई अवैध सामान ही बरामद हो सका।