झाड़-फूंक के नाम पर ढाई लाख की ठगी
- सोखा के विरुद्ध दर्ज हुआ मुकदमा
धनघटा। क्षेत्र के बरगदवा गांव निवासी बीमार चल रही महिला को झाड़-फूंक से ठीक करने का दावा करते हुए एक सोखा ने ढाई लाख रुपये की ठगी कर ली। महिला के पति ने बृहस्पतिवार को सोखा के खिलाफ ठगी का केस दर्ज कराया है।
पीड़ित प्रहलाद पुत्र सुखदेव का आरोप है कि उसकी पत्नी सुमित्रा लंबे समय से बीमार चल रही हैं। बीमार पत्नी का उपचार कई अस्पतालों में कराया गया, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। एक शख्स के कहने पर बगल के गांव सेवईपार निवासी सोखा के पास पहुंचा। उसी दिन से सोखा ने झाड़-फूंक करना शुरू कर दिया। आरोप है कि झाड़-फूंक में पूजा पाठ के नाम पर धीरे-धीरे करके सोखा ने उनसे ढाई लाख रुपये ले लिए। सोखा से दिए गए रुपये की मांग की तो वह जान से मारने की धमकी देने लगे। एसओ केडी सिंह ने बताया कि इस मामले में सेवईपार निवासी सुरेश चंद्र के खिलाफ जालसाजी समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज किया गया है। विवेचना से जो तथ्य सामने आएगा, आगे वैसी कार्रवाई की जाएगी।