बिना बताए अनुपस्थित कर्मचारी से मांगा स्पष्टीकरण
- अधीक्षक ने पीएचसी व एएनएम सेंटर का किया निरीक्षण
संवाद न्यूज एजेंसी
सेमरियावां। सीएचसी अधीक्षक डॉक्टर सुरेश चंद्रा ने बुधवार को दुधारा स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र व एएनएम सेंटर में संचालित प्रसव केंद्र का निरीक्षण किया। पीएचसी में नान मेडिकल असिस्टेंट अनुपस्थिति पाए गए। अनुपस्थिति कर्मचारी से स्पष्टीकरण मांगा गया है। वहीं, प्रसव केंद्र में ऐप पर प्रसव संबंधी सूचना अपडेट न किए जाने तैनात एएनएम को फटकार लगाई।
सीएचसी अधीक्षक ने बुधवार को 11 बजे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र दुधारा पहुंचे। पीएचसी में फ्रीजर, इंवर्टर तथा बिजली की व्यवस्था न होने पर जल्द पूरा कराए जाने का आश्वासन दिया। अस्पताल में जो सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं, उसकी डिमांड भेजने के निर्देश दिए।
ड्यूटी से गायब नान मेडिकल असिस्टेंट रवि कुमार गुप्ता को अनुपस्थित करते हुए कार्रवाई की चेतावनी दी। इसके बाद एएनएम सेंटर पर पहुंचकर प्रसव केंद्र का जायजा लिया। केंद्र पर जलभराव होने पर नाराजगी जाहिर की। प्रधान से व्यवस्था ठीक कराने के निर्देश दिए। ऐप पर प्रसव संबंधी सूचना को अपडेट नहीं करने पर नाराजगी जताई। एएनएम संध्या दूबे को फटकार लगाई।
इस दौरान बीपीएम राजेश कुमार पांडेय, टीकाकरण अधिकारी मुहम्मद कौसर खान, फार्मासिस्ट खान अतहर इनाम, डॉ. फिरदौस नाजिम, पुष्पा, पूनम, राम लौट आदि मौजूद रहे।