संतकबीरनगर। जिला अस्पताल में सेंट्रल लैब खुलना था, लेकिन अभी तक इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। इसी तरह से सीएचसी खलीलाबाद में हेल्थ एटीएम को आए तीन माह से ऊपर का समय बीत रहा है, लेकिन अभी तक वह भी शुरू नहीं हो पाया है। जिसकी वजह से लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा के लिए अभी और इंतजार करना पड़ेगा।
जिला अस्पताल में वैसे तो पैथॉलाजी लैब है, लेकिन वह कई जगह टुकड़ों में है। एमसीएच विंग में एक लैब, जिला अस्पताल में तीन जगहों पर अलग-अलग लैब बने हैं। जहां पर लोगों के ब्लड जांच का कार्य किया जाता है। शासन ने सभी लैब एक जगह पर बनाने का आदेश दिया था। जिसको लेकर शासन की टीम ने अक्तूबर माह में जिला अस्पताल का निरीक्षण किया था।
उस समय अस्पताल परिसर में जगह न होने के चलते महिला वार्ड को इसके लिए चिह्नित किया था। अस्पताल प्रशासन ने आनन-फानन में महिला वार्ड को एमसीएच विंग में स्थानांतरित कर दिया था ताकि वार्ड को सेंट्रल लैब में परिवर्तित कर दिया जाए। तब से अब तक मामला ठप पड़ा है। सीएमएस डॉ. महेश कुमार का कहना है कि सेंट्रल लैब के लिए महिला वार्ड को प्रस्तावित किया गया है। शासन स्तर से ही इसका निर्णय लिया जाना है। वहां से जैसा आदेश आएगा उसके अनुरूप कार्य किया जाएगा।
इसी तरह से सीएचसी खलीलाबाद में हेल्थ एटीएम मशीन को तीन माह पूर्व भेजा गया था। मशीन आकर एक कमरे में रखी गई है, पर अभी तक इसका संचालन शुरू नहीं हो पाया। इस मशीन से ब्लड प्रेशर, शुगर, हार्ट आदि की जांच होनी है, पर मशीन के शुरू न होने से मामला अधर में लटका है। सीएमओ डॉ. अनिरूद्ध सिंह ने बताया कि जल्द ही हेल्थ एटीएम को शुरू करा दिया जाएगा।