दुधारा पुलिस ने घटना में संलिप्त चार आरोपियों पर शुरू की कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। दुधारा थाना क्षेत्र स्थित सफियाबाद गांव में कुछ मनबढ़ों ने गांव में लगा हुआ सीसीटीवी कैमरा तोड़ दिया। ग्राम प्रधान ने मामले की जानकारी के बाद थाना में तहरीर दी। पुलिस ने चार आरोपियों पर केस दर्ज करके कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी।
सफियाबाद गांव निवासी ग्राम प्रधान मुसीर अहमद ने दुधारा थाना पुलिस को दी गई अपनी शिकायत में बताया कि उनके द्वारा 12 जनवरी को बिजली के पोल पर गांव में चार सीसीटीवी कैमरा लगवाया गया था। 15 जनवरी की रात में कुछ लोगों ने कैमरे के तार को काटकर गिरा दिया। इसके साथ ही चारों कैमरों को तोड़ दिया। जानकारी होने पर जब उन लोगों के घर जाकर कैमरा तोड़ने और तार काटने की वजह पूछी तो आरोपी उनको गाली देते हुए जानमाल की धमकी देने लगे। एसओ दुधारा पंकज कुमार पांडेय ने बताया कि सफियाबाद गांव के प्रधान मुसीर अहमद की तहरीर पर सीसीटीवी कैमरे का तार और कैमरा तोड़ने के मामले में गांव के ही साहेब आलम पुत्र मुहम्मद हसन, इस्तेकार पुत्र इजहार, गुफरान पुत्र इसहाक और इकरार पुत्र इजहार के विरुद्ध तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।