संतकबीरनगर। वृद्धा रामराजी के हत्यारे की गिरेबान तक पहुंचने में सीसीटीवी व सर्विलांस टीम ने अहम रोल निभाया। घटना के बाद एसपी सत्यजीत गुप्ता के निर्देश पर तीन टीमें खुलासे में लगी थी। बुजुर्ग महिला के पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाने से मौत होने की पुष्टि के बाद पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ाया। मृतका रामराजी देवी का पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद पुलिस के जांच की दिशा बदल गई। पुलिस ने पहले परिजनों को खंगाला, जिसमें कुछ नहीं लगा। इसके बाद पुलिस ने सर्विलांस की मदद से घटना स्थल के आसपास का लोकेशन ट्रेस करने के साथ ही मोहल्ले में लगे सीसीटीवी कैमरे खंगालना शुरू किया। परिजनों के बयान के अनुसार मिले इनपुट के आधार पर 21 नवंबर की रात आठ बजे के बाद से लेकर सुबह तक का फुटेज निकाला। जांच में आरोपी मकबूल का कई चक्कर घटनास्थल पर आना-जाना दिखाई दिया। आने के दौरान उसके हाथ खुले हुए थे और घटना के बाद कमरे पर वापस जाने के दौरान उसकी मुट्ठी बंधी हुई थी। जिसके बाद पुलिस का शक गहराया और उसे अपने कस्टडी में लेकर पूछताछ शुरू किया। सर्विलांस की मदद से भी घटना स्थल पर उसके पहुंचने की पुष्टि हुआ। साथ ही बखिरा थाने से उसके अपराध की कुंडली की जानकारी ली। थाने पर आपराधिक मामले की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने जब कड़ाई से पूछताछ किया तो आरोपी टूट गया और पूरे घटना का खुलासा हुआ।