आग बुझाते समय झुलसीं गीता देवी।संवाद
- फोटो : KHALILABAD
पशु बाड़े में लगी आग, 12 बकरियों की मौत
महुली थाना क्षेत्र के ग्राम छितही के सगड़वा मोहल्ले का मामला
धनघटा (संतकबीरनगर)। महुली थाना क्षेत्र के ग्राम छितही के सगड़वा मोहल्ला में शनिवार देर शाम अज्ञात कारणों से पशु बाड़े व झोपड़ी में आग लग गई।12 बकरियों की झुलसने से मौत हो गई। दो मवेशी झुलस गए। एक महिला भी झुलस गई। पड़ोसी गांव से सैकड़ों की संख्या में पहुंचे ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
ग्राम पंचायत छितही के सगड़वा मोहल्ला निवासी गीता देवी सिवान स्थित भूमि पर रिहायशी झोपड़ी रखकर बेटा-बेटी के साथ रहती हैं। बगल में पशु बाड़ा बनाकर उसमें बकरी, भैंस को पाल रखा है। शनिवार देर शाम को वह बच्चों के साथ मोहल्ले में गई थीं।
इसी दौरान अज्ञात कारणों से पशु बाड़े में आग लग गई। आग के शोले को देखकर ग्रामीण सहम उठे। चंद मिनटों में पशु बाड़े के साथ झोपड़ी जलकर राख हो गई। बचाव करते समय गीता देवी भी झुलस गईं। सूचना पर एसआई दद्दन राय, हेड कांस्टेबल मो. आरिफ, शैलेंद्र उपाध्याय, शलीम आदि भी पहुंचे और बचाव कार्य में जुटे रहे। झुलसी महिला का इलाज चल रहा है।