विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर जागरुकता शिविर आयोजित
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर जिला अस्पताल परिसर में मानसिक स्वास्थ्य जागरुकता शिविर का आयोजन किया गया। जिसमें वक्ताओं ने अपने-अपने विचार व्यक्त किए। सीएमओ डॉ. रामानुज कन्नौजिया ने कहा कि मानसिक स्वास्थ्य विकारों के मामले वैश्विक स्तर पर तेजी से बढ़ते जा रहे हैं। स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, इन विकारों को सिर्फ मन की बीमारी तक ही सीमित करके नहीं देखा जाना चाहिए। अगर इन पर ध्यान न दिया जाए तो इससे कई प्रकार की शारीरिक स्वास्थ्य समस्याओं के भी विकसित होने का जोखिम रहता है। जब बात मानसिक स्वास्थ्य की होती है तो इसमें भावनात्मक, मनोवैज्ञानिक और सामाजिक स्थितियां भी शामिल होती हैं। हम कैसे सोचते हैं, महसूस करते हैं, कार्य करते हैं, किन चीजों का चुनाव करते हैं और दूसरों से कैसे संबंध रखते हैं, ये सभी मानसिक स्वास्थ्य पर निर्भर करता है। उन्होंने कहा कि वैश्विक स्तर पर बढ़ती मानसिक स्वास्थ्य समस्याओं के बारे में लोगों को जागरूक करने और मन को स्वस्थ रखने वाले उपायों के बारे में शिक्षित करने के उद्देश्य से हर साल 10 अक्तूबर को विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस मनाया जाता है। डॉ तन्वांगी मणि त्रिपाठी ने कहाकि मन को स्वस्थ रखने के लिए क्या करना चाहिए। इससे ज्यादा जरूरी है उन चीजों के बारे में जानना जो मानसिक स्वास्थ्य को प्रभावित करने वाली हो सकती हैं। मेंटल हेल्थ को ठीक रखने के लिए जरूरी है कि आप शारीरिक रूप से सक्रिय रहें। कार्यक्रम में एचआर इंटर कॉलेज व अन्य स्कूलों के छात्रों ने नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया। पीबी गर्ल्स इंटर कॉलेज और राजकीय कन्या इंटर कॉलेज के छात्राओं ने पोस्टर प्रतियोगिता में प्रतिभा किया। विजेता छात्रों को सीएमओ ने पुरस्कृत किया। इस दौरान जागरूकता रैली निकाली गई। इस अवसर पर भाजपा जिला उपाध्यक्ष ज्ञानेंद्र मिश्र, सीएमएस डॉ. भवनाथ पांडेय, अपर सीएमओ डॉक्टर महेंद्र कुमार, अपर सीएमओ डॉ सोहन गुप्त, डिप्टी सीएमओ डॉ वी के सोनी, अमरेंद्र कुमार समेत अन्य मौजूद रहे।