दो दुकानों में चोरी के मामले में 15 दिन बाद केस दर्ज
बखिरा। ग्राम नरायनपुर बाजार की दो दुकानों का ताला तोड़कर चोरी के मामले में 15 दिन बाद शनिवार देर शाम पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया। हालांकि, घटना के बाद पीड़ित दुकानदारों ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की थी।
पीड़ित दुकानदार अब्दुल रहीम ने तहरीर में कहा है कि वह नरायनपुर में स्थित बाइक एजेंसी के बगल अपने मकान में किराना की दुकान चलाते हैं। उसी से परिवार का भरण-पोषण होता है। प्रतिदिन की तरह सात जुलाई की शाम को वह दुकान बंद करके गांव वाले मकान पर चले गए थे। आठ जुलाई की सुबह जब वह दुकान खोलने पहुुंचे तो देखा कि मेन गेट पर लगा ताला व दुकान के पीछे का एक ताला एवं दुकान के लॉकर का ताला टूटा है। लॉकर में रखे लगभग तीस हजार रुपये गायब थे। दुकान में रखा लगभग 50 हजार रुपये मूल्य का सामान गायब था।
दूसरे दुकानदार प्रमोद मौर्य निवासी ग्राम सहसरांव थाना बखिरा ने तहरीर में कहा है कि किराना की दुकान के बगल में उनका बीज भंडार है। सात जुलाई की रात को दुकान के अंदर का ताला तोड़कर काउंटर में रखे लगभग दस हजार रुपये लेकर चोर फरार हो गए थे। बखिरा पुलिस ने दो सप्ताह बाद शनिवार को अज्ञात चोरों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।