संतकबीरनगर। महिला थाना पुलिस ने गोरखपुर जनपद निवासी विवाहिता के प्रार्थना पत्र पर पति समेत छह ससुरालियों पर केस दर्ज किया है। उसकी खलीलाबाद शहर के मड़या अचकवापुर मोहल्ले में शादी हुई थी।
एसओ महिला थाना पूनम मौर्य ने बताया कि गोरखपुर के हरपुर बुदहट थाना क्षेत्र निवासी विवाहिता ने अपनी शिकायत में बताया कि उसकी शादी खलीलाबाद शहर के मड़या अचकपुरवा मोहल्ला निवासी जितेंद्र के साथ 17 नवंबर, 2020 में हिंदू रीतिरिवाज के साथ हुई थी। आरोप है कि पति, सास, ससुर, ननद व अन्य उसे दहेज के लिए अक्सर प्रताड़ित करते हैं। मायके वालों ने शादी के समय ही अपने सामर्थ्य के अनुरूप पांच लाख रुपये नकद, बाइक, सोने की चैन, अंगूठी आदि दिया था। ससुर ने उसे दस दिन के लिए मायके भेज दिया और दो माह तक नही ले आए। पति के अवैध संबंध का विरोध करने पर उल्टे उसे ही मारापीटा और प्रताड़ित किया जाता है। ससुराली उसे तरह-तरह से फंसाने की भी धमकी देते रहते हैं। 31 अक्तूबर को ससुराल जाने पर ससुरालियों ने उसे घर में घुसने से रोक दिया और घर से भगा दिया।
एसओ ने बताया कि मामले में पीडि़ता मनीषा की शिकायत पर आरोपी जितेंद्र, रामलखन, इसरावती, मालती, आकाश और प्रियंका के विरूद्ध प्रार्थना पत्र के आधार पर केस दर्ज करके अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है।