युवक की मौत के मामले में चार पर केस दर्ज
मां ने बेटे को जबरन जहर पिलाने का आरोप लगाया
दो आरोपियों को हिरासत में लेकर पुलिस कर रही पूछताछ
मेंहदावल (संतकबीरनगर)। क्षेत्र की रहने वाली एक युवती से प्रेम संबंध के शक में युवक की युवती के पिता ने कुछ लोगों के साथ मिलकर पिटाई कर दी थी। आरोप है कि युवक को जबरन जहर पिला दिया था। बुधवार को युवक की मेडिकल कॉलेज गोरखपुर में मौत हो गई थी। बृहस्पतिवार को पुलिस ने इस पुलिस ने युवती के पिता समेत चार लोगों पर मारने-पीटने, अपशब्द कहने, जानमाल की धमकी देने, जबरन जहर पिलाने और गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज किया।
पीड़ित मां श्यामराजी पत्नी रामकेवल पाल का आरोप है कि 18 वर्षीय बेटा संदीप 22 अक्तूबर की रात आठ बजे एक व्यक्ति के मकान के पास खड़ा था। आरोप है चार लोगों ने उसके बेटे की पिटाई की। दूसरे दिन 23 अक्तूबर को दोबारा उसके बेटे को गांव के पूरब सीवान में उक्त लोगों ने पकड़ लिया। पिटाई करने के बेटे के मुंह में शीशी में भरा जहरीला पदार्थ ठूंस दिया। जहर के असर से बेटा मरणासन्न हो गया।
जानकारी मिलने पर दो युवकों ने बेटे को मेंहदावल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां से जिला अस्पताल और वहां से मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान बेटे की मौत हो गई। एसओ रवींद्र सिंह ने बताया कि पीड़ित मां की तहरीर पर दो नामजद और दो अज्ञात पर गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज कर लिया गया है। दो लोगों को हिरासत में लिया गया है।
..
आरोपी बख्शे नहीं जाएंगे : सीओ
पुलिस क्षेत्राधिकारी राजीव कुमार यादव ने कहा कि घटना के प्रति पुलिस प्रशासन गंभीर है। गांव में पुलिस कर्मी तैनात किए गए हैं। घटना में शामिल लोग बख्शे नहीं जाएंगे। लोगों से शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की।