- कांटे के भाजपा मंडल उपाध्यक्ष को पीटने का आरोप
- खलीलाबाद क्षेत्र के उडियावा पुरवा में हुई घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। निषाद पार्टी के जिलाध्यक्ष समेत अन्य पर भाजपा मंडल उपाध्यक्ष को पीटने का आरोप लगा है। खलीलाबाद क्षेत्र के उड़ियावा पुरवा में भोज कार्यक्रम के दौरान घटना हुई। पुलिस ने इस मामले में निषाद पार्टी के जिलाध्यक्ष रामनरेश समेत छह नामजद व कुछ अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया है।
भाजपा कांटे मंडल उपाध्यक्ष दूधनाथ शर्मा निवासी सौरहा सिंहोरहवा ने कोतवाली पुलिस को दिए तहरीर में बताया कि वह उड़ियावा पुरवा पर लालचन्द्र गुप्ता के घर भोज के कार्यक्रम में गए थे। वह जैसे ही बाइक खड़ी कर जाने लगे। उसी समय चुनावी रंजिश को लेकर विपक्षी निषाद पार्टी के जिलाध्यक्ष राम नरेश, चन्द्रशेखर, अर्जुन, नन्दा, प्रवीण उर्फ पिन्टू, आदर्श व अन्य लोग लाठी-डंडा व पाइप के साथ तैयार होकर मारपीट के उद्देश्य से घेर लिए। विपक्षी गाली दे रहे थे। प्रवीन उर्फ पिन्टू ने उनके सिर पर पाइप से मारा। जिसमें उनका सिर फट गया।
उसके बाद भी सभी लोगों ने बुरी तरह मारा-पीटा। जिससे उनके सिर व शरीर में कई जगह गंभीर चोटें आईं। मौके पर मौजूद आसपास के लोगों ने बीच-बचाव किया। कोतवाली पुलिस ने मामले में सभी आरोपियों के खिलाफ केस दर्जकर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। इस संबंध में सीओ ब्रजेश सिंह ने बताया कि मारपीट के मामले में छह नामजद व अन्य अज्ञात पर केस दर्ज किया गया है।