संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। खलीलाबाद कोतवाली पुलिस ने मार्ग दुर्घटना में हुई मौत के मामले में तहरीर मिलने पर दस दिन के बाद केस दर्ज किया है। कोतवाल ब्रजेंद्र प्रसाद पटेल ने बताया कि पीडि़त सर्वेश कुमार यादव पुत्र स्वर्गीय शिवदास यादव निवासी तिघरा थाना बखिरा ने अपने प्रार्थनापत्र में बताया कि दो जनवरी को समय करीब 09:30 बजे रात में उनके पिता शिवदास यादव पुत्र स्वर्गीय कोमल यादव अपने भतीजे विवेक कुमार यादव के साथ बाइक पर पीछे बैठ कर खलीलाबाद से घर की तरफ आ रहे थे। जब वह बालूशासन पुल के पास पहुंचे थे कि पीछे से आ रहे बाइक के चालक ने तेजी व लापरवाही पूर्वक बिना हाॅर्न बजाए जोरदार टक्कर मार दी। इससे बाइक पर सवार दोनों व्यक्ति सड़क के किनारे गिर गए। इससे उनके पिता शिवदास यादव को सिर व शरीर में चोटें आईं। वहां पर मौजूद लोगों ने एम्बुलेंस को सूचना देकर जिला अस्पताल पहुंचवाया। जहां पर डाॅक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
दूसरे दिन पिता के शव का पंचनामा कराकर पोस्टमार्टम कराया गया। कोतवाल ने बताया कि पीड़ित का तहरीर मिलने पर मामले में आरोपी मोटरसाइकिल चालक के विरुद्ध केस दर्जकर अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है।