मेंहदावल। थाना क्षेत्र के करमैनी व कैंपियरगंज सरहद पर हुई मारपीट के मामले में अब दूसरे पक्ष ने 18 लोगों पर मारपीट का केस दर्ज कराया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। इससे पूर्व प्रथम पक्ष के अमरेंद्र यादव ने विपक्षियों पर केस दर्ज कराया था। उच्चाधिकारियों के निर्देश पर अब दूसरे पक्ष का केस दर्ज किया गया है। तहरीर में राजेश्वर यादव पुत्र रामसेवक यादव निवासी हरना ने बताया कि 25 अक्तूबर को करमैनी चौकी के पास अमरेंद्र यादव ने उसे गाली दी। विरोध करने पर उन्होंने अपने भाइयों तथा सहयोगियों को बुलाकर मारपीट को अंजाम दिया। आरोपियों ने मेरे वाहन पर पथराव किया। मेंहदावल पुलिस ने अमरेंद्र, सत्येंद्र, जितेंद्र, लालू, शरद, अजीत, सचिन सहित 18 के खिलाफ मारपीट का केस दर्ज किया है। प्रभारी निरीक्षक मेंहदावल सतीश कुमार सिंह ने कहा दो पक्षों में मारपीट हुई थी। प्रथम पक्ष का मुकदमा पूर्व में दर्ज किया गया था। अब दूसरे पक्ष का मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।