युवक की मौत में दो दोस्तों पर केस दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
धनघटा। करीब डेढ़ माह पूर्व महुली क्षेत्र के पानाराम निवासी युवक की संदिग्ध हाल में मौत हो गई थी। पीड़ित भाई ने उसके दोस्तों पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने दोनों दोस्तों पर गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पानाराम निवासी अजय यादव पुत्र विश्वनाथ यादव का आरोप है कि उसके भाई संजय यादव के प्रकाश राय और लक्ष्मण नामक युवक दोस्त थे। किसी मामले को लेकर उसके संजय से दोनों साथी ईर्ष्या करने लगे। इसी बात पर दोनों भाई को जान से मारने का षड्यंत्र रचने लगे। आरोप है कि 12 फरवरी को देवापार में जन्मदिन की पार्टी मनाने के लिए साथियों ने संजय को बुलाया। शराब पिलाकर बेसुध कर दिया। सांप की माला पहनाकर डीजे पर डांस कराया। आरोप है कि जब भाई गश खाकर गिर गया तो उसके साथी प्रकाश और लक्ष्मण ने सुई से उसके शरीर में जहर पहुंचा दिया। हालत गंभीर होने पर भाई को सीएचसी केंद्र नाथनगर मे भर्ती कराया। उपचार के दौरान भाई संजय की मौत हो गई। अगले दिन शव लेकर घर पहुंचे। इस दौरान दोस्तों ने संजय की मौत संबंधित साक्ष्य को मिटा दिया। शव का दाह संस्कार कर दिया गया। कुछ दिनों बाद जब मृतक का मोबाइल फोन दोस्तों ने वापस किया। भाई के मोबाइल को री स्टोर कर अपलोड किया गया। जिससे भाई से उसके दोस्तों की दुश्मनी रखने की वजह स्पष्ट हो सकी। एसओ केडी सिंह ने बताया कि ने अजय यादव की तहरीर पर विपक्षी प्रकाश राय ग्राम खड़कपुर (झजौवा) एवं लक्ष्मण निवासी देवपार थाना महुली के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज किया गया है।