युवती से किया दुष्कर्म, गर्भ ठहरा तो शादी के वादे से मुकरा
- कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दर्ज किया केस
- 20 जुलाई को युवती ने बच्चे को दिया जन्म
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। कोतवाली क्षेत्र की रहने वाली युवती से गांव का ही युवक चाकू दिखाकर दुष्कर्म किया। घटना की जानकारी परिजनों को देने पर उसके मां-बाप की हत्या करने की धमकी दी। युवती गर्भवती हुई तो शादी करने का वादा किया, लेकिन बाद में मुकर गया। युवती ने बच्चे को जन्म दिया, जो सुरक्षित है। फरियाद लेकर युवती पुलिस के पास गई तो कार्रवाई नहीं हुई। फिर युवती कोर्ट पहुंच गई। शनिवार को पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया।
24 वर्षीय युवती का आरोप है कि 20 जुलाई 2019 की शाम सात बजे वह अपने घर से गाय बांधने के लिए पशुओं की घारी में गई थी। उसी दौरान गांव का रहने वाला आरोपी वहां पहुंच गया। आरोप है कि उसका मुंह दबाकर खींचकर गली में ले गया। चाकू दिखाकर दुष्कर्म किया। जाने के दौरान धमकी दिया कि यदि घर पर किसी को घटना की जानकारी देगी तो उसके माता-पिता की चाकू से हत्या कर देगा। पिता की अनुपस्थिति में वह जब भी गाय बांधने जाती तो आरोपी डरा धमका कर उसके साथ दुष्कर्म करता रहा।
उसके पेट में गर्भ ठहर गया तो आरोपी ने उससे शादी करने की बात कहीं। आरोप है कि बाद में आरोपी शादी करने से इनकार कर दिया। पीड़िता ने 20 जुलाई 2022 को बच्चे को जन्म दिया। बच्चा सुरिक्षत है। आरोप है कि पीड़िता ने घटना की सूचना कोतवाली में दी, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। कार्रवाई के लिए रजिस्टर्ड डाक से एसपी को सूचना दी, लेकिन निराशा हाथ लगी। मजबूरन पीड़िता को कोर्ट की शरण लेनी पड़ी। कोतवाल सर्वेश राय ने बताया कि आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म और जानमाल की धमकी का केस दर्ज कर लिया गया है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया जाएगा।