मगहर। कोतवाली क्षेत्र के मगहर चौकी अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग के दुर्गा मंदिर चौराहे पर रविवार को तेज रफ्तार ट्रक ने एक कार को चपेट में ले लिया। कार असंतुलित होकर डिवाइडर पर चढ़ गई। इस घटना में कोई खास नुकसान नहीं हुआ। दुर्घटना की सूचना पर मगहर पुलिस पहुंच गई। कार चालक को चौकी पर लाया गया। उनके परिजन को भी सूचित कर दिया है।
गोरखपुर जनपद के कोतवाली क्षेत्र के आर्य नगर मोहल्ला निवासी सर्वेश कुमार अग्रवाल (45) ने बताया कि वह कापी के थोक विक्रेता हैं। कार से खलीलाबाद किसी काम से आए थे। वापस जा रहे थे। दुर्गा मंदिर चौराहे को पार करने के लिए कार की गति धीमी की तभी पीछे से तेज रफ्तार से आ रहे ट्रक ने कार को चपेट में ले लिया। कार अनियंत्रित हो कर पूरी तरह नाच कर पूरब की ओर होने के बजाय उत्तर दक्षिण दिशा में डिवाइडर पर खड़ी हो गई। इस बीच ट्रक चालक मौका पाकर फरार हो गया।