शहर में नालियां जाम होने से उठ रही दुर्गंध, लोगों को उठानी पड़ रही परेशानी
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। खलीलाबाद शहर में जलनिकासी के लिए बनाई गईं नालियों पर लोगों ने चबूतरे बनवा लिए हैं। इसकी वजह से नालियों की सफाई नहीं हो पा रही है। वह जाम होने से दुर्गंध उठ रही है। सड़कों पर पानी पसरा रहता है। ऐसे में लोगों ने परेशानी उठानी पड़ती है।
नगर पालिका परिषद क्षेत्र में जलनिकासी की व्यवस्था के लिए सड़क की दोनों पटरियों पर नालियों का निर्माण कराया गया है। पूर्व में नालियों की सफाई नियमित रूप से होती थी, लेकिन इधर कुछ माह से नालियों पर लोगों ने चबूतरा बनवाकर कब्जा कर लिया है। सफाई कर्मी चाह कर भी नालियों की सफाई नहीं कर पा रहे हैं।
यह स्थिति शहर के गोला बाजार, बैंक चौराहा, मुखलिसपुर तिराहा, आजाद चौक, मेंहदावल बाईपास रोड पर देेखने को मिल जाएगी। पूर्व में एक बार नगर पालिका प्रशासन ने नालियों पर बने चबूतरे को हटवाया था, लेकिन वर्तमान में एक बार फिर स्थिति जस की तस हो गई है। यही स्थिति मोहल्लों की भी है। मड़या, विधियानी, नेदुला रोड आदि ऐसे स्थान है जहां पर नालियां जाम होने के कारण पानी सड़क पर बह रहा है।
शहर के निवासी रुपेश कुमार, राजेश कुमार, सूर्यदेव आदि ने कहा कि नालियों पर बने चबूतरे के कारण सफाई कर्मी आकर लौट जाते हैं। इससे समस्या बनी हुई है। इस संबंध में नगर पालिका परिषद खलीलाबाद के अधिशासी अधिकारी विनय कुमार मिश्र ने कहा कि नालियों की नियमित सफाई के निर्देश दिए गए हैं, जहां पर नालियों पर चबूतरा बनाकर बाधा खड़ी की जा रही है, वहां जल्द ही अभियान चलाकर नालियों को साफ कराया जाएगा।