साधन सहकारी समिति परसहर पौली पर यूरिया खाद के लिए सचिव का इंतजार करते किसान।संवाद
- फोटो : KHALILABAD
गोदाम बंद कर सचिव नदारद खाद के लिए भटक रहे किसान
साधन सहकारी समिति परसहर का तीन दिन से काट रहे चक्कर
पौली(संतकबीरनगर)। साधन सहकारी समिति परसहर पौली का यूरिया के लिए किसान तीन दिन से चक्कर काट रहे हैं। सचिव के नदारद रहने से किसान परेशान हैं। हालांकि सचिव ने किसानों के आरोप को बेबुनियाद बताया है।
तेजपुर गांव निवासी राम जोखन, धर्मराज, राम नयन, जगदीश आदि किसानों का कहना है कि साधन सहकारी समिति परसहर पौली पर यूरिया आने की सूचना तीन दिन पहले मिली। उसी दिन से यूरिया के लिए समिति का चक्कर लगा रहे हैं। सुबह से शाम तक सचिव का इंतजार करते हैं, लेकिन वह गोदाम पर आ रहे हैं और न ही खाद मिल पा रही है।
किसानों का आरोप है कि सचिव रात में गोदाम पर आकर चहेते किसानों को यूरिया का वितरण कर रहे हैं। किसानों ने बताया कि गोदाम पर लगाई गई रेट तालिका पर यूरिया की कीमत 266 रुपये प्रति बोरी लिखी गई है, लेकिन सचिव 280 रुपये प्रति बोरी कीमत ले रहे हैं। इस संबंध में साधन सहकारी समिति के सचिव मोती लाल यादव का कहना है उनके पास दो साधन सहकारी समितियों का चार्ज है। दोनों समिति पर बारी-बारी पहुंचकर खाद का वितरण कर रहे हैं।