नगर में मेंहदावल बाईपास से कलेक्ट्रेट और हाईवे किनारे बनाए गए नाले रकम के अभाव में छोड़ दिए गए हैं अधूरे
फोटो सहित
कूड़ा-करकट जमा होने से जलनिकासी हो गई है बाधित, दुर्गंध से लोगों का जीना हुआ मुहाल
जाम नालियां भी बनी हैं मुसीबत, कई जगह सड़क पर बह रहा पानी
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। नगर में जल निकासी के लिए मेंहदावल बाईपास से कलेक्ट्रेट और हाईवे किनारे बनाए गए नाले बजट के अभाव में आधे-अधूरे छोड़ दिए गए हैं। जिससे कूड़ा-करकट की वजह से नाले जाम हो जा रहे हैं। जलनिकासी बाधित होने से पानी रुक जा रहा है। नाले से उठ रही दुर्गंध से आसपास के लोगों का जीना मुहाल हो गया है।
करीब एक साल पहले नाला का निर्माण कराया गया। सरकारी फाइलों में इसका निर्माण पूरा दिखा दिया गया है, लेकिन मौके पर हकीकत इससे इतर है। नालों को ढकने के लिए स्लैब नहीं लगाए गए हैं साथ ही अन्य क्षेत्रों में नालियां भी जाम हैं।
करीब दो साल पहले बरसात के मौसम में खलीलाबाद कस्बे में भारी जल भराव हो गया था। स्थिति यह हो गई थी कि सड़क पर एक पखवारे तक पानी एकत्र हो गया था। इससे लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया था और दुश्वारियां बढ़ गई थीं। बाद में तत्कालीन जिलाधिकारी दिव्या मित्तल के हस्तक्षेप से सड़कों को काटकर जल निकासी कराई गई थी। इसके बाद नगर पालिका प्रशासन ने ड्रेनेज सिस्टम को मजबूत करने के लिए मेंहदावल बाईपास से कलेक्ट्रेट व हाईवे किनारे नाला निर्माण का प्रस्ताव शासन को भेजा। साथ ही शहर के मुखलिसपुर तिराहे व बिधियानी मोड़ पर पुलिया का भी निर्माण कराया। नाला निर्माण के लिए एक साल पहले शासन ने करीब दो करोड़ रुपये उपलब्ध कराए। नाले का निर्माण कराया गया। पालिका प्रशासन का दावा है कि नाला पूर्ण रूप से बनकर तैयार है, लेकिन आम लोगों का कहना है कि नाले-आधे-अधूरे हैं, नालों को ढकने के लिए स्लैब नहीं लगाए गए। जिस कारण कूड़े-कचरे से नाले जाम हो गए हैं। मेंहदावल बाईपास के आस-पास नाले में कूड़े का अंबार लगा है, जिससे जल निकासी ठीक ढंग से नहीं हो पा रही है। क्षेत्र के प्रेम प्रकाश, राधेश्याम, अशोक कुमार आदि ने कहा कि नालों को ढकने के लिए व्यवस्था की जानी चाहिए, इससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
सड़क पर बहता है गंदा पानी
शहर में जाम नालियों से दुर्गंध उठ रही है, जिसके कारण आस-पास के लोगों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यही नहीं विधियानी, बंजरिया आदि मोहल्लों में नालियां जाम होने के कारण गंदा पानी सड़क पर बहता है।
शहर में जल निकासी के लिए नाला का निर्माण कराया गया है। इन नालों को कच्चे नाले से जोड़ दिया गया है ताकि जल निकासी हो सके। जहां पर कुछ दिक्कत है। निर्माण के लिए प्रस्ताव बनाकर शासन से बजट की मांग की जाएगी।
- विनय कुमार मिश्र, ईओ खलीलाबाद