बजट मिलने के बाद भी शुरू नहीं हो सके विकास कार्य
- नगर पालिका और नगर पंचायत में होने हैं काम
- चुनाव की अधिसूचना जारी होने पर नया कार्य नहीं हो सकेगा
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। नई नगर पंचायतों व नगर पालिका सीमा विस्तार में शामिल क्षेत्रों में विकास कार्य शुरू नहीं हो सके हैं। जबकि इसके लिए लगभग 20 दिन पहले बजट प्राप्त हो चुका है। वहीं, अधिकारी जल्द टेंडर निकालने की बात कह रहे हैं।
एक अक्तूबर 2020 को नगर पालिका परिषद खलीलाबाद का सीमा विस्तार करते हुए 16 गांवों को शामिल किया गया था। इसमें सरैया, मिश्रौलिया, नेदुला, पटखौली, सरौली, बड़गों, खटौली, मैलानी, मोहद्दीपुर, बेलवनिया, डीघा, कसैला, गौसपुर, बनियाबारी, सादिकगंज और उस्का खुर्द शामिल हैं।
करीब दो साल से अधिक समय से यहां के लोग विकास की बांट जोह रहे हैं। इसके साथ ही नगर पंचायत मेंहदावल का भी सीमा विस्तार हुआ है।
इसके अलावा नई स्वीकृत नगर पंचायत बाघनगर उर्फ बखिरा, नगर पंचायत धर्मसिंहवा, नगर पंचायत हैंसरबाजार-धनघटा क्षेत्र में विकास कार्य नहीं शुरू हुआ है। इन क्षेत्रों में सड़क निर्माण, आंगनबाड़ी केंद्र, इंटरलाकिंग कार्य, नालियों का निर्माण होने हैं।
कहां कितना स्वीकृत हुआ बजट
सीमा विस्तार वाले क्षेत्रों व नई नगर पंचायतों के विकास के लिए प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजा गया। मुख्यमंत्री नगर सृजन योजना के तहत नगर पालिक परिषद खलीलाबाद के विस्तारित क्षेत्रों में 11 कार्यों के लिए 3.47 रुपये करोड़ के प्रस्ताव के सापेक्ष 1.69 करोड़ रुपये का आवंटन हुआ है।
जबकि नवसृजित नगर पंचायत बखिरा में 32 कार्यों के लिए 4.82 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिली है। नवसृजित नगर पंचायत हैंसर-धनघटा के लिए 18 प्रस्तावों पर 3.62 करोड़ रुपये स्वीकृत हुआ है। साथ ही नगर पंचायत मेंहदावल के विस्तारित क्षेत्र के विकास के लिए 1.56 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिली है।
नवसृजित नगर पंचायत बेलहर कला में 12 कार्यों के लिए 1.81 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिली है, जबकि नवसृजित नगर पंचायत धर्मसिंहवा के 12 कार्यों के लिए 3.13 करोड़ रुपये मिले हैं। उम्मीद जगी थी कि जल्द ही कार्य शुरू हो जाएंगे, लेकिन अब तक न तो टेंडर हुए और न ही विकास के कार्य शुरू हो सके हैं।
दावे के बीच उठ रहे सवाल
सीमा विस्तार वाले क्षेत्रों के साथ ही नई नगर पंचायतों में निवास करने वाले रामजीत, संजय कुमार, सुनील कुमार आदि ने कहा कि विकास के इंतजार में पूरा समय गुजर गया, लेकिन विकास के कार्य शुरू नहीं हुए। अब निकाय चुनाव की तिथि कभी भी घोषित हो सकती है। ऐसे में अभी और इंतजार करना पड़ सकता है।
नगर पालिका खलीलाबाद और नगर पंचायत मेंहदावल के सीमा विस्तारित क्षेत्रों और नवसृजित नगर पंचायतों में विकास के लिए बजट मिला है। टेंडर प्रक्रिया में है। चुनाव से पहले सीमा विस्तार वाले क्षेत्रों और नवसृजित नगर पंचायतों में विकास कार्य शुरू करा दिया जाएगा।
- मनोज कुमार सिंह, एडीएम