धनघटा। नव सृजित नगर पंचायत हैंसर बाजार- धनघटा में प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना के तहत 230 लाभार्थियों के आवास की स्वीकृति मिली है। 183 लाभार्थियों के खाते में पच्चास-पच्चास हजार रुपये भेजे गए हैं। जिन लाभार्थियों के खाते में आवास की प्रथम किस्त आ गई है, उनसे 25-25 हजार रुपये यह कहकर कुछ दलाल किस्म के लोग मांग रहे हैं कि अगर 25,000 नहीं देंगे तो दूसरी किस्त नहीं मिलेगी। मामला संज्ञान में आने के बाद जिला नगरीय विकास अभिकरण के परियोजना अधिकारी ने अज्ञात के विरुद्ध कार्रवाई की मांग को लेकर थाने में तहरीर देते हुए नगर पंचायत के सभी वार्डों में प्रचार प्रसार कर कह रहे हैं कि किसी को रिश्वत देने की जरूरत नहीं है। कुछ ऐसे असामाजिक तत्व है, जो विभाग को बदनाम कर रहे हैं।
विकासखंड हैंसर बाजार के 14 ग्राम पंचायतों को अलग करके जुलाई 2022 में नगर पंचायत हैंसर बाजार धनघटा का सृजन किया गया। सृजन के तीन महीने बाद डूडा के अधिकारी धनघटा में कैंप लगाकर प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना के लाभार्थियों का चयन किए। उनके जरिए किए गए चयन में से 230 लाभार्थियों के आवास की स्वीकृति की गई है। जिनमें 183 लाभार्थियों के खाते में पहली किस्त के रूप में पच्चास-पच्चास हजार रुपये भेजे गए। लाभार्थियों के खाता में आवास की रकम आते ही दलाल किस्म के लोग सक्रिय हो गए। उनके घरों पर पहुंचकर उनसे यह कहकर 25,000 की मांग कर रहे हैं कि यदि रकम नहीं दी तो दूसरी किस्त रोक दी जाएगी।
सूत्रों का कहना है कि कुछ लाभार्थियों ने इसकी सूचना पीओ डूडा कार्यालय को दी तो अधिकारी- कर्मचारी चौकन्ना हो गए। पीओ डूडा ने विभागीय अधिकारियों-कर्मचारियों को लगाकर वाहन से लाउडस्पीकर से प्रचार करवा रहे है कि योजना निशुल्क है, किसी को मांगने पर कोई रकम नहीं देने की जरूरत है। सभी को किस्त नियमानुसार भेजी जाएगी। वहीं परियोजना अधिकारी ने धनघटा थाने में अज्ञात पर विभाग की छवि धूमिल करने का आरोप लगाते हुए तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
इंसेट
पीएम आवास योजना शहरी में कुछ अराजक तत्वों के जरिए रकम मांगे जाने की सूचना प्राप्त हुई तो वह खुद लाभार्थियों के घरों पर पहुंच कर उन्हें जानकारी दिए कि यह योजना पूरी तरह निशुल्क है। इसमें पात्रों को योजना का लाभ दिया जाता है। प्रथम किस्त 50,000 रुपये, द्वितीय किस्त डेढ़ लाख रुपये और तीसरी किस्त 50,000 रुपये दी जाती है। कोई लाभार्थी किसी के बहकावे न आए, इसके लिए वाहन से प्रचार भी कराया जा रहा है।- प्रेमेंद्र सिंह, पीओ डूडा