संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। सीबीएसई की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट का साेमवार को परीक्षा परिणाम जारी हुआ। परीक्षा में जिले के होनहारों ने दबदबा कायम किया है। किसी को आईएएस तो किसी को डॉक्टर बनकर समाज सेवा करनी है। ऐसे होनहारों से अमर उजाला ने जब उनका मन टटोला तो उन्होंने खुलकर अपनी बात रखी। होनहारों ने सफलता के टिप्स भी दिए।
डॉक्टर बन सेवा करेंगे मोहम्मद हस्सान
हरिहरपुर। सीबीएसई हाईस्कूल की बोर्ड परीक्षा में जिले के टापर जवाहर नवोदय विद्यालय जगदीशपुर गौरा के छात्र मोहम्मद हस्सान का कहना है कि वह डॉक्टर बनकर देश की सेवा करेगा।
मोहम्मद हस्सान ने फोन पर बातचीत में बताया कि उसकी सफलता का श्रेय नवोदय विद्यालय के शिक्षकों को जाता है। उन्होंने अपनी मॉ फैशर जहां और पिता परवेज अहमद को अपना आदर्श बताते हुए कहा कि माता-पिता के सानिध्य और उनकी प्रेरणा की बदौलत ही उन्हें यह मुकाम हासिल हुआ है। उसका कहना है कि अगल लक्ष्य हासिल करना है तो उसके लिए पढ़ना पडेगा। वह रोजाना छह से सात घंटे घर पर पढ़ाई करते है। इसके साथ ही उन्हे क्रिकेट खेलने का शौक है। सॉथा ब्लाॅक के खजुरी गॉव निवासी मोहम्मद हस्सान की प्रारंभिक शिक्षा क्षेत्र के एक विद्यालय से हुई थी। जहॉ से उनके शिक्षा की बुनियाद मजबूत हुई। मोहम्मद हस्सान के पिता एक प्राइवेट विद्यालय संचालित करते है।
मोहम्मद हस्सान की इस उपलब्धि पर नवोदय विद्यालय के प्राचार्य आनंद कुमार मिश्र, शिक्षक वीके मिश्र सहित सभी शिक्षकों ने बधाई दी है।
किसान की बेटी आईएएस बनकर पिता का सपना करेंगी पूरा
संतकबीरनगर। सीबीएसई बोर्ड परीक्षा में इंटरमीडिएट में 96 प्रतिशत अंक हासिल कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाने वाली ब्लूमिंग बड्स की छात्रा आंकाक्षा राय ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता पिता को दिया है। उसने छात्रों से नियमित अध्ययन की अपील की है।
शहर के तितौवा की रहने वाली आकांक्षा के पिता अजय राय पेशे से किसान है जबकि माता विजयलक्ष्मी राय गृहणी है। आंकाक्षा ने बताया कि वह प्रतिदिन छह से सात घंटे पढ़ाई करती है। कही भी कोई प्रश्न अगर नहीं आता था तो विद्यालय के शिक्षक से फोन पर पूछती थी। परीक्षा के दौरान माता पिता ने काफी ख्याल रखा उन्हे कोई दिक्कत नहीं आने दिया। उनका लक्ष्य है कि आगे चलकर वह सिविल सेवा की तैयारी करेंगी और आईएएस बन कर माता पिता के सपनों को पूरा करेंगी। आकांक्षा ने बताया कि छात्रों को अपने पाठ्यक्रम का एक लिखित अभ्यास करना चाहिए। इससे जो भी उत्तर आप लिखेंगे वह आसानी से याद हो जाता है। आंकाक्षा की इस उपलब्धि पर पुष्पा चतुर्वेदी, राजेश पांडेय समेत अन्य ने बधाई दी है।