मतदाता सूची के लिए रुपये लेने का आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
सेमरियावां। ब्लॉक में पंचायत चुनाव में मतदाता सूची के नाम पर लोगों ने रुपये मांगने का आरोप लगाया है।
बुधवार को ब्लॉक में पंचायत चुनाव की मतदाता सूची आई तो संभावित दावेदार सूची के लिए एडीओ पंचायत कार्यालय पहुंच गए। एडीओ पंचायत कार्यालय से मतदाता सूची के नाम पर दो सौ से तीन सौ रुपये मांगने का लोगों ने आरोप लगाया है। सगीर अहमद, एजाज अहमद, मंगरू प्रसाद, अहमद हसन आदि ने बताया कि मतदाता सूची अभी पूरी नहीं दी जा रही है। सूची में परिवर्धंन, परिमार्जंन नाम अभी जोड़ा नहीं गया है। ऊपर से इसके लिए रुपये मांगे जा रहे हैं। इस संबंध में एडीओ पंचायत शशि भूषण पांडेय ने बताया कि आरोप बेबुनियाद है। सूची के नाम पर पैसा नहीं लिया जा रहा है। शिकायत की जांच की जाएगी। दोषी पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।