सांथा। विभिन्न समस्याओं को लेकर बृहस्पतिवार को ब्लाॅक मुख्यालय पर भारतीय किसान यूनियन के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। साथ ही तहसीलदार मेंहदावल को ज्ञापन सौंपकर समस्याओं के निस्तारण की मांग की।
भाकियू के तहसील अध्यक्ष विजयनाथ पाठक की अध्यक्षता में हुए प्रदर्शन के दौरान पूर्वांचल के अध्यक्ष अनूप कुमार चौधरी ने कहा कि बड़ी संख्या में कृषक किसान सम्मान निधि से वंचित हैं। लेदवा श्रीपाल श्मशान घाट पर आने-जाने के लिए नहर पर पुलिया के निर्माण की जरूरत है। कहा कि धान की खरीद तत्काल शुरू कराई जाए ताकि किसान धान की बिक्री कर सकें। इसके बाद 12 सूत्री मांग पत्र तहसीलदार आनंद ओझा को सौंपा। उन्होंने कहा कि यदि समस्याओं का निस्तारण नहीं हुआ तो डीएम कार्यालय का घेराव किया जाएगा। इस दौरान प्रदेश उपाध्यक्ष सुभाष चंद्र किसान, जनार्दन मिश्रा, प्रेम चंद्र वर्मा, दयाशंकर उपाध्याय, रामचंद्र चौधरी, रामकेवल वर्मा, ब्रह्मानंद चौधरी और मोहम्मद अकरम आदि मौजूद थे।