- नायब तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
मगहर। भारतीय किसान यूनियन भानू गुट के जिलाध्यक्ष आत्मा तिवारी के नेतृत्व में शुक्रवार को बयारा चौराहे पर किसानों की समस्याओं को लेकर पंचायत लगाई गई। इसमें बयारा चौराहे से शराब की दुकान को हटाने की मांग का ज्ञापन नायब तहसीलदार राजेश मिश्रा व आबकारी निरीक्षक विजय आनंद को संयुक्त रूप से सौंप कर पंचायत के समाप्त होने की घोषणा की।
बयारा में पंचायत को संबोधित करते हुए संगठन के राष्ट्रीय महासचिव रणजीत सिंह ने कहा कि देशी शराब की दुकान पर शाम होते ही शराबियों का जमावड़ा लग जाता है। शराबी रास्ते से आने जाने वाली महिलाओं पर फब्तियां कसते रहते हैं। जिसके कारण महिलाओं का राह चलना दूभर हो गया है। उनकी मांग है कि बयारा चौराहे से शराब की दुकान को कहीं और ले जाया जाए। पंचायत में पहुंच कर नायब तहसीलदार राजेश मिश्रा और आबकारी निरीक्षक विजय आनंद ने ज्ञापन लेते हुए कहा कि बयारा चौराहे से देशी शराब की दुकान को हटाने की मांग से उच्चाधिकारियों को अवगत कराएंगे और आबकारी नियम के अनुसार कारवाई की जाएगी।
इस मौके पर गोरखनाथ यादव, रविन्द्र सिंह, तनवीर अहमद, अनिल चौहान, जय पाल मौर्य, आबकारी निरीक्षक मेंहदावल अनुज यादव, हल्का लेखपाल श्रवण शर्मा आदि लोग मौजूद रहे।