बिहार, झारखंड के प्रदेश संगठन महामंत्री नागेंद्र त्रिपाठी की माता की तेरहवीं में पहुंचे लोग
फोटो है
संवाद न्यूज एजेंसी
मेहदावल। क्षेत्र की ग्राम पंचायत बेलौली के लिए शनिवार का दिन काफी ऐतिहासिक रहा। बिहार, झारखंड के प्रदेश संगठन मंत्री नागेंद्र नाथ त्रिपाठी की माता की तेरहवीं में उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, दिल्ली, बिहार, झारखंड, राजस्थान, हरियाणा समेत कई प्रदेशों के विधायक, सांसद, पूर्व मंत्री, वर्तमान मंत्री तथा संगठनों के पदाधिकारी उनके गांव पहुंचे। उनकी माता के चित्र पर पुष्प अर्पित करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की और शोक सभा में भाग लिया।
उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व परिवहन मंत्री तथा पूर्व प्रदेश अध्यक्ष भाजपा युवा मोर्चा अशोक कटारिया अपने काफिले के साथ बेलौली स्थित नागेंद्र त्रिपाठी के घर पहुंचे। उनकी माता गनेशा देवी के चित्र पर पुष्प अर्पित करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की। उसके बाद संगठन महामंत्री नागेंद्र नाथ त्रिपाठी से मिलकर शोक व्यक्त किया।
वहीं, बिहार के प्रदेश संगठन मंत्री भीखुभाई दलसानिया ने भी शोक व्यक्त किया। बिहार के प्रदेश अध्यक्ष भाजपा सम्राट चौधरी कमांडो फोर्स की सुरक्षा में पहुंचे। भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष कामेश्वर सिंह ने भी शोक संवेदना व्यक्त की।
सांसद प्रवीण निषाद, विधायक अनिल त्रिपाठी, विधायक अंकुर राज तिवारी, गणेश चौहान, भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष सहजानंद राय, एमएलसी धर्मेंद्र सिंह, सांसद हरीश द्विवेदी, विधायक सहजनवां प्रदीप शुक्ला, पूर्व प्रमुख सहजनवां राम प्रकाश शुक्ला, क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रधानमंत्री जन कल्याण योजना गोरखपुर विजय प्रताप सिंह, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष भाजपा संजीव राय, जिलाध्यक्ष जगदंबा लाल श्रीवास्तव, गणेश पांडेय, हैप्पी राय, पूर्व विधायक सहजनवां जीएम सिंह, पूर्व अध्यक्ष मोतीलाल जायसवाल, पूर्व जिला महामंत्री राजेश सिंह, भाजपा नेता दिवाकर सिंह, भाजपा नेता संजय सिंह, श्याम मोहन यादव समेत अन्य मौजूद रहे।
सीएम के आगमन की उम्मीद में बदल गई बेलौली की तस्वीर
तीन दिन में बन गया पिच मार्ग, सफाई कर्मी ने गांव को बना दिया स्वच्छ
फोटो है
संवाद न्यूज एजेंसी
मेंहदावल। भारतीय जनता पार्टी के बिहार, झारखंड के संगठन महामंत्री की माता के निधन पर लगातार कई प्रदेश के नेता, विधायक, सांसद, मंत्री व संगठन के पदाधिकारी उनके गांव बेलौली आने-जाने लगे। इस पर जिला प्रशासन भी जगा और सुरक्षा व्यवस्था के साथ ही गांव का कायाकल्प करने में जुट गया। तेरहवीं के दिन सीएम के आने की सूचना पर यहां की व्यवस्था चाक-चौबंद रही।
मेंहदावल के बेलौली में तटबंध पर विधायक अनिल त्रिपाठी के प्रस्ताव पर तत्काल पिच मार्ग का निर्माण कराया गया। बेलौली में सड़क निर्माण होने से गांव के लोगों को काफी राहत मिली। वहीं मेंहदावल से घूरापाली जाने वाले सड़क की दोनों पटरियों पर पीडब्ल्यूडी के कर्मचारी सफेद मार्किंग रातों-रात कर डाले।
वहीं, मेहदावल नगर पंचायत, विकास खंड तथा घघसरा नगर पंचायत के कर्मचारी मुख्य मार्ग से लेकर गांव तक की साफ-सफाई व्यवस्था चुस्त-दुरुस्त करने में लगाए गए। पुलिस प्रशासन ने चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा व्यवस्था का इंतजाम कर रखा था। बैरिकेडिंग के साथ ही वाहनों के लिए पार्किंग की व्यवस्था भी की गई थी।
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम की सूचना पर जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर, एसपी सत्यजीत गुप्ता, एसडीएम मेंहदावल अरुण कुमार समेत कई प्रशासनिक अधिकारी सुबह सात बजे से ही गांव में डेरा डाल रखे थे। सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण करने के साथ ही काफी देर तक मौके पर ही प्रशासनिक अधिकारी जमे रहे। हर तरफ सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए थे।
वाहनों का प्रवेश प्रदेश संगठन महामंत्री के कार्यक्रम स्थल पर किसी को भी नहीं मिल पा रहा था। वीआईपी को पुलिस अपनी सुरक्षा घेरे में लेकर कार्यक्रम स्थल तक पहुंच रही थी। कार्यक्रम स्थल पर भजन की व्यवस्था भी कराई गई थी। गांव के मुख्य मार्ग तथा हर सड़क पर सफाई कर्मी तैनात किए गए थे। जो सड़कें टूटी थीं उनकी रातों-रात मरम्मत कर दी गई।
शनिवार को बेलौली गांव की तस्वीर बदली हुई थी। लग रहा था कि राजनेताओं के आने के कारण गांव की तस्वीर बदलने के लिए हर विभाग के लोग काफी सक्रिय रहे। इसका नतीजा लोग सामने देख रहे थे।
नहीं आए मुख्यमंत्री धरी रह गई सारी व्यवस्था
सुबह सात बजे से डीएम और एसपी व्यवस्था में लगे रहे
कार्यक्रम स्थगित होने पर लौट गए अधिकारी
फोटो है
संवाद न्यूज एजेंसी
मेंहदावल। बेलौली स्थित बिहार, झारखंड के प्रदेश संगठन महामंत्री नागेंद्र नाथ त्रिपाठी की मां के निधन पर श्रद्धांजलि सभा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आने का कार्यक्रम था। इसके लिए दो दिनों से प्रशासनिक अमला तैयारी में जुटा रहा। दिन में 11 बजे सीएम को आना था। किसी कारणवश सीएम नहीं आए। इससे गांव में प्रशासनिक तैयारी धरी की धरी रह गई।
मेंहदावल ब्लॉक की ग्राम पंचायत बेलौली स्थित बिहार झारखंड के प्रदेश संगठन महामंत्री नागेंद्र नाथ त्रिपाठी की मां के निधन पर आयोजित तेरहवीं में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आने का कार्यक्रम था। दो दिन से जिलाधिकारी और एसपी समेत जिले के आला अधिकारी सुरक्षा व्यवस्था के लिए गांव में पुख्ता इंतजाम किए थे। शनिवार को सुबह सात बजे से ही डीएम और एसपी गांव में डेरा डालकर एक-एक बिंदु पर सुरक्षा व्यवस्था के प्रति सतर्क थे। हेलीपैड की सुरक्षा कमान मुख्यमंत्री की सुरक्षा में तैनात एनएसजी कमांडो ने संभाल रखी थी।
12 बजे के बाद अचानक मुख्यमंत्री का कार्यक्रम स्थगित होने के साथ ही व्यवस्था धरी की धरी रह गई। अन्य जनपदों से आए पुलिस कर्मी मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के स्थगन की जानकारी के बाद परेशान रहे। डीएम महेंद्र सिंह तंवर और एसपी सत्यजीत गुप्त मुख्यमंत्री का कार्यक्रम निरस्त होने पर जिला मुख्यालय के लिए रवाना हो गए। काफी देर तक गैर जनपद से सुरक्षा में आई पुलिस फोर्स को मुख्यमंत्री के यहां आने के कार्यक्रम निरस्त होने की जानकारी न होने के कारण अफरा-तफरी का माहौल रहा।
पूर्व डिप्टी सीएम और देवरिया सांसद पहुंचे बेलौली
मेंहदावल। शनिवार को ग्राम पंचायत बेलौली निवासी बिहार, झारखंड प्रदेश के प्रभारी महामंत्री संगठन नागेंद्र नाथ त्रिपाठी की माता गणेश देवी के निधन पर आयोजित तेरहवीं कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व डिप्टी सीएम दिनेश शर्मा, सांसद देवरिया डॉक्टर रमापति राम त्रिपाठी श्रद्धांजलि देने पहुंचे। दोनों नेताओं ने श्रद्धांजलि देने के साथ ही शोक संतप्त परिवार को ढाढ़स बधाने के साथ ही प्रभारी संगठन महामंत्री से मिलकर शोक संवेदना व्यक्त की।