पौली/रोसया। रविवार की रात राम जानकी मार्ग पर रामपुर गांव के पास स्थित शिव मंदिर के सामने डंपर की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौत हो गई और दूसरा शख्स घायल हो गया। दोनों बस्ती जिले के लालगंज थाना क्षेत्र के डीहपुरा गांव के निवासी बताए जा रहे हैं।
डीहपुरा गांव निवासी 34 वर्षीय श्याम मिलन और 24 वर्षीय विनोद कुमार एक बाइक पर सवार होकर रविवार की रात किसी काम से पौली जा रहे थे। जब वह रामपुर में स्थित शिव मंदिर के सामने पहुंचे तो सामने से तेज रफ्तार से आए डंपर ने बाइक को चपेट में ले लिया। दोनों सड़क पर गिरकर तड़पने लगे। उस समय आ-जा रहे लोगों ने शोर मचाया तो आसपास के लोग एकत्रित हो गए। घायलों को कैली अस्पताल बस्ती ले जाया गया। वहां देखते ही डॉक्टर ने श्याम मिलन को मृत घोषित कर दिया। जबकि गंभीर रूप से घायल विनोद कुमार को प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया गया। मृतक के शव को लेकर परिजन घर चले गए। सोमवार की सुबह धनघटा पुलिस मृतक के घर पहुंच कर शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दी। पौली चौकी इंचार्ज शशिकांत तिवारी ने बताया कि इस मामले में अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर आगे कार्रवाई की जाएगी। मृतक श्याम मिलन गुप्ता की पत्नी रेनू गुप्ता व छोटे-छोटे बच्चों का रो-रो कर बुरा हाल था।