सेमरियावां। दुधारा थाना क्षेत्र के बीएमसीटी मार्ग पर स्थित पैड़ी चौराहे पर शनिवार को सीमेंट लदे ट्रेलर से टकराकर दो बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे बाघनगर चौकी इंचार्ज शैलेंद्र सिंह ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सेमरियावां भेजवाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।
दुधारा थाना क्षेत्र के बरैनिया गांव निवासी 46 वर्षीय राम शंकर पुत्र हरीलाल एवं रूधौली थाना क्षेत्र के खरदेउरा निवासी लगभग 52 वर्षीय महेंद्र कुमार सिंह पुत्र कमला सिंह दोनों बाइक पर सवार होकर खरदेउरा से पैड़ी-दानोकुइयां मार्ग से सेमरियावां की ओर जा रहे थे। सुबह करीब नौ बजे पैड़ी चौराहे पर पहुंच कर सेमरियावां की तरफ मुड़े ही थे कि बीएमसीटी मार्ग से बस्ती की ओर से आ रही ट्रेलर की चपेट में आ गए। दोनों बाइक सवार घायल हो गए। दोनों को चेहरे पर चोट लग गई और पैर फ्रैक्चर हो गया।
चौकी पुलिस ने चालक को हिरासत में लिए और ट्रेलर को कब्जे में ले लिया है। ट्रेलर अमेठी जिले के तितरिया से सीमेंट लादकर महराजगंज जिला जा रहा था। चौकी प्रभारी शैलेंद्र सिंह ने बताया कि अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। ट्रेलर व चालक को कब्जे में ले लिया गया है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।