संतकबीरनगर। महुली थाना क्षेत्र के साखी बांध पर तेज रफ्तार स्कूटी की टक्कर से बाइक सवार राजमंगल गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें गोरखपुर के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के मुताबिक, सिर में गंभीर चोट लगने के कारण करीब चार महीने तक उनका इलाज चलेगा। पुलिस ने तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है। साखी गांव निवासी राजमंगल के अनुसार, 26 अक्तूबर की शाम करीब सात बजे वह डिहवा चौराहे से बाजार कर बाइक से घर लौट रहे थे। साखी बांध के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार स्कूटी सवार छोटू राय ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में वह सड़क पर गिरकर बेहोश हो गए। आरोप है कि घटना के बाद स्कूटी सवार मौके से फरार हो गया। परिजनों ने उन्हें गोरखपुर के अस्पताल में भर्ती कराया। एसओ हरेंद्र पाठक ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। संवादह