लोहरौली क्षेत्र के गगैईचा-दसावा मार्ग पर शुक्रवार रात सड़क हादसे में एक किशोर की मौत हो गई। किशोर अपने एक दोस्त के साथ बाइक से जा रहा था। बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बिजली के पोल से जा टकराई। इसमें किशोर घायल हो गया। ग्रामीणों ने सेमरियांवा सीएचसी पहुंचाया, जहां डाक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार सेमरियावां इस्लामाबाद चौराहे पर संचालित एक क्लिनिक के डॉ.अरशद हुसैन का पुत्र मोहम्मद अनस (17) अपने एक मित्र के साथ रात नौ बजे बुलेट से दसावा की ओर जा रहा था। गगैईचा कब्रिस्तान मोड़ के पास पहुंचने पर अचानक संतुलन बिगड़ गया और बाइक सड़क किनारे बिजली के पोल से जा टकराई। इसमें अनस गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में उसके साथी चोट आई।
ग्रामीणों की मदद से सेमरियांवा सीएचसी पहुंचाया गया। जहां डॉक्टर ने अनस को मृत घोषित कर दिया। दोस्त को उपचार के बाद घर भेज दिया गया। मोहम्मद अनस इंटरमीडिएट का परीक्षार्थी था। हादसे के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।