संवाद न्यूज एजेंसी
बखिरा। क्षेत्र के धनखिरिया गांव के पास बखिरा- सहजनवां मार्ग पर मंगलवार को कार और बाइक की आमने- सामने हुई टक्कर में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजवा दिया। घटना स्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई थी।
गोरखपुर जिले के सहजनवा क्षेत्र के गोविनपुर बढया रिठुआखोर निवासी श्याम रती ने बताया कि उसका 40 वर्षीय बेटा रामसुमेर पुत्र त्रिलोकी बाइक से बखिरा से घर लौट रहा था। बखिरा- सहजनवा मार्ग पर धनखिरिया गांव के पास पहुंचा ही था। उसी दौरान सहजनवा की तरफ से आ रही तेज रफ्तार कार ने उसके बेटे की बाइक में टक्कर मार दी। कार चालक की लापरवाही की वजह से बेटे को काफी चोटें आने की वजह से मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में बाइक भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
एसओ श्याममोहन ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पीड़ित मां की तहरीर पर कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।