प्रमोद कुमार गुप्ता की फाइल फोटो।
- फोटो : KHALILABAD
नील गाय से टकरा कर बाइक सवार कारोबारी की मौत
सिद्धार्थनगर के सुपौली चौराहे पर है बर्तन की दुकान
बखिरा(संतकबीरनगर)। रविवार देर शाम रानीपुर गांव के पास कोहरे की वजह से नील गाय से टकरा जाने से बाइक सवार बर्तन कारोबारी की मौत हो गई।
नगर पंचायत बखिरा के मंगल बाजार निवासी रिंकू गुप्ता ने बताया कि छह भाइयों में तीसरे नंबर के भाई प्रमोद कुमार गुप्ता (38) पुत्र गंगा प्रसाद की सिद्धार्थनगर स्थित सुपौली चौराहे पर बर्तन की दुकान थी। प्रमोद बखिरा स्थित घर आते-जाते थे। रविवार को बाइक से बखिरा आ रहे थे। देर शाम नरायनपुर बाजार से आगे रानीपुर गांव के पास नील गाय अचानक सड़क पर आकर बाइक से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार प्रमोद गंभीर रूप से घायल हो गए।
राहगीरों की सूचना पर डायल 112 पुलिस पहुंची और घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मेंहदावल भिजवाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने जिला अस्पता रेफर कर दिया। यहां से भी डॉक्टरों ने मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया। प्रमोद को गोरखपुर स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान सोमवार दोपहर में उनकी मौत हो गई।
जैसे ही शव घर लाया गया, कोहराम मच गया। पत्नी किरन व बच्चों का रो- रोकर बुरा हाल था। प्रमोद की शादी आठ साल पहले गगहा स्थित कोठा गांव में हुई थी। पीड़ित पिता गंगा प्रसाद ने बताया कि प्रमोद रोजाना घर आ जाता था। सोमवार को काफी ठंड व कोहरा था। ऐसे मौसम में बेटे की बाइक से नील गाय टकरा गई।