अपर एसडीएम को आठ सूत्री मांग पत्र सौंपा
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। भारतीय किसान यूनियन (भानू गुट) के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को कलेक्ट्रेट पर धरना दिया। धरने के बाद जनपद के विभिन्न जन समस्याओं से संबंधित आठ सूत्री मांग पत्र अपर एसडीएम को सौंपा।
भाकियू के जिलाध्यक्ष आत्मा तिवारी ने कहा कि छह फरवरी को सात सूत्री ज्ञापन डीएम को सौंपा गया था। समस्याओं के निस्तारण की मांग की गई थी, पर समस्याएं निस्तारित नहीं की गईं। उन्होंने कहा कि खलीलाबाद के बयारा में नाली अवरूद्घ कर लिया गया है। इससे पानी सड़कों पर बह रहा है। किसानों को अब तक किसान सम्मान निधि नहीं मिला है। किसान तहसील का चक्कर लगाने को मजबूर है।
जिला आपूर्ति कार्यालय की ओर पात्र गृहस्थी राशन कार्ड को डिजिटल नहीं किया जा रहा है जिसे सभी पात्र कार्ड धारक कार्यालय का चक्कर लगाने को मजबूर हैं। छुट्टा पशु खेतों को नुकसान पहुंचा रहे हैं। छुट्टा पशुओं को गोशाला में पहुंचाया जाए।
विद्युत निगम गांव में गलत फीडिंग कराकर बिल वसूला जा रहा है जिसे सही कराया जाए। पात्र व्यक्ति को आवास दिया जाए। मगहर पुलिस चौकी से कबीर चौरा तक सड़क क्षतिग्रस्त है उसे सही कराया जाए। इस दौरान राष्ट्रीय महासचिव रणजीत सिंह, सलाहुद्दीन, रामनयन मिश्र, बाबूराम चौधरी, सूरज श्रीवास्तव, गोरखनाथ यादव, रविंद्र सिंह, दीनानाथ चौहान, विजय चौहान, रामप्रीत चौहान आदि मौजूद रहे।