संतकबीरनगर। जिला स्वच्छता समिति एवं जिला स्वच्छता भारत मिशन मैनेजमेंट की बैठक सोमवार को कलक्ट्रेट सभागार में डीएम संदीप कुमार की अध्यक्षता में हुई। इसमें शौचालय के लिए किए गए ऑनलाइन आवेदनों का सर्वे कर पात्र लाभार्थियों को लाभ देनेे का निर्देश दिया गया।
सीडीओ संत कुमार की मौजूदगी में हुई बैठक में एजेंडा बिंदुओं पर चर्चा करते हुए डीएम ने स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के तहत कराए जाने वाले कार्यों की स्थिति एवं प्रगति की जानकारी ली। जिला पंचायत राज अधिकारी सहित अन्य अधिकारियों को निर्देश दिए और कहा कि शौचालय के लिए किए गए ऑनलाइन आवेदनों का सर्वे कराकर पात्र लाभार्थियों को योजना से जोड़ा जाए। सीडीओ ने ग्राम पंचायतों में निर्मित सामुदायिक शौचालयों को क्रियाशील रखने एवं साफ-सफाई तथा क्रियाशीलता की जांच भी करते रहने के निर्देश दिए।
बैठक में एसएसजी-2023 स्वच्छ सर्वेक्षण, ग्राम पंचायतों में स्वच्छता से संबंधित सामानों की मानक के अनुरूप खरीद किया जाना, ग्राम पंचायतों के राजस्व ग्रामों की ग्राम स्वच्छता कार्ययोजना तैयार करने आदि से संबंधित बिंदुओं की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा निर्देश दिए। साथ ही पिछले बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन एवं परिणाम की समीक्षा की।
बैठक में सीएमओ डॉ. अनिरूद्ध कुमार सिंह, वरिष्ठ कोषाधिकारी जगनारायण झा, जिला समाज कल्याण अधिकारी महेंद्र कुमार, बीएसए अमित कुमार सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी प्रमोद कुमार यादव, जिला कार्यक्रम अधिकारी विजयश्री, बलदाऊ शर्मा आदि उपस्थित रहे।