प्रत्येक क्षेत्र पंचायत सदस्य के क्षेत्र में छह बेंच लगेंगे
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। विकास खंड खलीलाबाद के गांवों में सार्वजनिक स्थानों पर क्षेत्र पंचायत निधि से बेंच लगाने का कार्य शुरू हो गया है। इसमें धार्मिक स्थानों के साथ चौराहे आदि शामिल हैं। इससे जहां लोगों को बैठने का स्थान मिल जाएगा, वहीं को सुबह और शाम सैर-सपाटे के दौरान होने वाली दिक्कतों से राहत मिलेगी।
खलीलाबाद विकास खंड में 97 ग्राम पंचायतें है। इन्हें सुविधाओं से लैस करने के लिए कदम उठाए जा रहे हैं। इसी मुहिम के तहत छह माह पूर्व गांव की गलियों को रोशन करने के लिए दुधिया स्ट्रीट लाइटें लगवाई गई थीं। अब क्षेत्र पंचायत निधि से गांवों के सार्वजनिक स्थलों पर बेंच लगाए जा रहे हैं। गांव के चौराहों, मंदिरों, सार्वजनिक स्थलों पर यह बेंच लगाने का कार्य शुरू हो गया है।
गांव के लोगों और क्षेत्र पंचायत सदस्यों की मांग पर ब्लॉक प्रमुख खलीलाबाद प्रमिला देवी ने इसका प्रस्ताव पास करते हुए कार्य शुरू कराया है। प्रथम चरण में प्रत्येक क्षेत्र पंचायत सदस्य के क्षेत्र में छह बेंच लगाने की योजना है। खलीलाबाद ब्लॉक क्षेत्र के चकदही, रानीपार सहित विभिन्न गांवों में बेंच लगाए जा रहे हैं।
ब्लॉक प्रमुख प्रमिला देेवी ने बताया कि गांव में लोग सुबह और शाम को सैर-सपाटे के लिए निकलते हैं, लेकिन कोई भी ऐसा स्थान नहीं है, जहां पर वह कुछ देर बैठ सकें। सार्वजनिक स्थानों पर आने वाले लोगों को दिक्कत होती रही है। इसे ध्यान में रखकर बेंच लगवाने का निर्णय लिया गया है।
उन्होंने बताया कि ब्लॉक क्षेत्र के सभी गांवों में बेंच लगाया जाएगा, ताकि लोगों को होने वाली दिक्कतों से निजात मिल सके। चकदही के क्षेत्र पंचायत सदस्य के प्रतिनिधि रविंद्र यादव, रानीपार के क्षेत्र पंचायत के सदस्य उमेश कुमार ने बताया कि क्षेत्र पंचायत निधि से लगाए जा रहे बेंच से लोगों को राहत मिलेगी।