सिद्धार्थ विश्वविद्यालय की बीएड की वार्षिक परीक्षा एक अगस्त से जिले के पांच केंद्रों पर आयोजित होगी। परीक्षा में कुल 6145 परीक्षार्थी शामिल होंगे। परीक्षा के लिए एचआरपीजी कॉलेज को नोडल केंद्र बनाया गया है।
संतकबीरनगर जिले में कुल 33 कॉलेजों में बीएड की पढ़ाई होती है। प्रथम वर्ष में कुल 3100 परीक्षार्थी हैं जबकि द्वितीय वर्ष में कुल 3045 परीक्षार्थी नामांकित हैं। बीएड की परीक्षा एक अगस्त से 12 अगस्त के बीच संपन्न होगी। इसके लिए एचआरपीजी कॉलेज खलीलाबाद, गंगा देवी कपिलदेव तिवारी महाविद्यालय भुजैनी, प्रभा देवी महाविद्यालय खलीलाबाद, जीपीएस स्नातकोत्तर महाविद्यालय खलीलाबाद और प्रेमलता महाविद्यालय मेंहदावल को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। परीक्षा को लेकर सभी तैयारी पूरी की जा चुकी हैं।
विश्वविद्यालय की तरफ से दो सचल दल भी बनाए गए हैं। जो परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण करेंगे। परीक्षा दोपहर 2.30 बजे से 5.30 बजे तक चलेगी। एचआरपीजी कॉलेज के बीएड के विभागाध्यक्ष डॉ पूर्णेश नारायण सिंह ने बताया कि परीक्षा को लेकर तैयारी पूरी की जा चुकी हैं। परीक्षार्थी परीक्षा शुरू होने से एक घंटे पहले केंद्रों पर पहुंच जाएं। परीक्षा को सकुलश संपन्न कराने के लिए आंतरिक सचल दस्ते के साथ ही विश्वविद्यालय की तरफ से भी सचल दस्ता बनाया गया है। परीक्षा समाप्त होने के बाद उत्तर पुस्तिकाओं को नोडल केंद्र एचआरपीजी कॉलेज में जमा कराया जाएगा।