लौहरौली बाजार। न्यायालय सिविल जज जूनियर डिवीजन एफटीसी द्वितीय के आदेश पर दुधारा पुलिस ने पांच लोगों पर मारपीट व छेड़खानी की रिपोर्ट दर्ज की है। एसओ दुधारा अरविंद शर्मा ने बताया कि एक गांव की पीड़िता ने कोर्ट में प्रार्थनापत्र देकर बताया कि उसके पति रोजगार के सिलसिले में बाहर रहते हैं। गांव का गोरख उस पर बुरी नजर रखता है। इसकी कई बार शिकायत की। 17 सितंबर को रात 8 बजे आरोपी घर में घुस आया और छेड़खानी करते हुए अश्लील हरकत करने लगा। किसी तरह उससे बचकर घर से बाहर आकर उसके घर पर शिकायत करने पहुंची। पीछे से वह भी अपने घर आ गया। उसे देखकर वह भागकर अपने घर आ गई। आरोप है कि गोरख, कृष्ना, संतोष, फौजदार व झिन्ना देवी गोलबंद व एकराय होकर उसके दरवाजे पर आए और उस पर बदनाम करने का आरोप मढ़ते हुए मारापीटा। बीच-बचाव करने आए लोगों को भी मारपीट कर जख्मी कर दिया। एसओ ने बताया कि मामले में उक्त पांचों आरोपी के खिलाफ कोर्ट के आदेश पर प्राथमिकी दर्जकर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।