- सीओ की देखरेख में पुलिस कर्मी त्योहार को कराएंगे संपन्न
- पूर्व के विवादित स्थानों पर पुलिस की रहेगी विशेष नजर
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। जनपद में बारावफात आज मनाया जाएगा। इसे लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। शांति एवं कानून व्यवस्था के लिए स्थानीय पुलिस के साथ ही आठ मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। साथ ही पीएसी को भी अलर्ट किया गया है। सभी सीओ समेत पुलिस कर्मियों जुलूस पर पूरी तरह से निगरानी रखकर त्योहार को संपन्न कराने का काम करेंगे। पूर्व के विवादित स्थानों पर पुलिस की विशेष नजर रहेगी।
बारावफात त्योहार को सकुशल संपन्न कराने के लिए पूर्व में ही स्थानीय स्तर पर शांति कमेटी की बैठक करके अधिकारियों ने सभी को शांतिपूर्ण माहौल में त्योहार मनाने की अपील की थी। बरावफात पर अकीदतमंद घरों को सजाकर आतिशबाजी करते हैं। साथ ही जुलूस भी निकाला जाता है। शहर के अंसार टोला मोहल्ला स्थित मदरसा के छात्रों द्वारा झंडा व बैनर के साथ जुलूस निकाल कर शहर में भ्रमण करते हैं। शाम के समय में भी कार्यक्रम आयोजित होता है।
वहीं पठान टोला व विधियानी में भी जुलूस निकाला जाता है, जो कस्बे के विभिन्न स्थानों पर भ्रमण करते हुए अपने पूर्व निर्धारित स्थान पर समाप्त होता है। साथ ही जिले के अन्य सभी क्षेत्रों में भी छोटे-छोटे कार्यक्रम आयोजित कर त्योहार को मनाया जाता है। इसके लिए मजिस्ट्रेट की तैनाती हुई है। जिससे शांति पूर्ण माहौल में त्योहार को संपन्न कराया जा सके।
-
मजिस्ट्रेट को सौंपी गई जिम्मेदारी
एडीएम जय प्रकाश ने बारावफात त्योहार को संपन्न कराने के लिए सभी थाना क्षेत्र में मजिस्ट्रेट तैनात किए है। कोतवाली खलीलाबाद क्षेत्र के लिए जिला प्रोबेशन अधिकारी सतीश चंद्र, बखिरा नायब तहसीलदार प्रियंका त्रिपाठी, दुधारा तहसीलदार जनार्दन प्रसाद, धनघटा नायब तहसीलदार हरेराम यादव, महुली तहसीलदार धनघटा योगेंद्र पांडेय, थाना मेंहदावल खंड विकास अधिकारी मेंहदावल, धर्मसिंहवा आनंद कुमार ओझा तहसीलदार मेंहदावल और बेलहरकला थाना की जिम्मेदारी नायब तहसीलदार मेंहदावल गौरव कुमार को सौंपी गई है। साथ ही पूर्व के विवादित स्थानों पर स्थानीय पुलिस के साथ ही पीएससी बल को भी तैनात किया जा रहा है।
बारावफात के लिए सभी क्षेत्रों में शांति एवं कानून व्यवस्था को देखते हुए मजिस्ट्रेट को तैनात किया गया है, जो स्थानीय पुलिस के साथ शांतिपूर्ण माहौल में त्योहार संपन्न कराएंगे। किसी भी तरह की नई परिपाटी कायम करने और अराजकता फैलाने की छूट किसी को भी नहीं दी जाएगी।
- जय प्रकाश, एडीएम