- नवरात्र बीतते ही निगम द्वारा अघोषित कटौती शुरू
संवाद न्यूज एजेंसी
बखिरा। इन दिनों बखिरा कस्बे में बिजली की अघोषित कटौती चल रही है। बिजली निगम की मनमानी आमजन की जिंदगी पर भारी पड़ रही है। पूरे दिन बिजली की कटौती होने से लोग परेशान है। कारोबार भी बिजली के अभाव में रुक गया है। 18 घंटे बिजली आपूर्ति की मांग क्षेत्रीय लोगों ने किया है।
दशहरा पर्व बीतते ही बिजली निगम ने बखिरा में बिजली की अघोषित कटौती शुरू कर दिया है। बिजली के आने व जाने का कोई निश्चित शिड्यूल नही रह गया है। रात्रि में 10 बजे से भोर में पांच बजे तक बिजली सुचारू रूप से मिलती है। इसके अतिरिक्त बिजली की आवाजाही बनी रहती है। बिजली आपूर्ति का समय निर्धारित नही होने से आमजन का दिनचर्या प्रभावित हो रहा है। शिवकुमार, सन्तराम, विशाल, महेश कुमार, दयाशंकर, हरिराम, राजेश ने बताया भोर में करीब पांच बजे बिजली कटौती होती है। इसके बाद पूरे दिन बिजली का आना जाना लगा रहता है। कटौती का यह सिलसिला देर रात दस बजे तक चलता रहता है। कुल मिलाकर 10 से 12 घंटे ही बिजली आपूर्ति मिल पाती है। बाकी के घंटे बिजली कटौती की भेंट चढ़ जा रही है।
बिजली कटौती की शिकायत करने के बाद भी आपूर्ति में कोई सुधार नहीं हो सका। मेंहदावल विधायक की नाराजगी के बाद भी बिजली महकमा बिजली आपूर्ति में सुधार नही कर रहा है। लोगों ने बेहतर आपूर्ति देने व कटौती खत्म करने की मांग किया है।
अवर अभियंता बेचन प्रसाद ने बताया कि मिल रही आपूर्ति के अनुसार बिजली दिया जा रहा है। लोकल फाल्ट होने के चलते कटौती करनी पड़ती है।