- रात में रोशनी न होने के चलते राहगीरों काे होती है परेशानी
संवाद न्यूज एजेंसी
बखिरा। नवसृजित नगर पंचायत बखिरा में सड़क किनारे लगे स्ट्रीट लाइट चार महीने में ही खराब हो गई। नगर पंचायत बेहतर क्वालिटी के स्ट्रीट लाइट लगाने का दावा कर रहा है। लेकिन जमीनी हकिकत कुछ और ही है।
नगर पंचायत बखिरा में अमरडोभा से नौरो तक स्ट्रीट लाइट चार माह पूर्व लगाए गए थे। स्ट्रीट लाइट कुछ दिनों तक ठीक-ठाक जलने के बाद एक-एक करके खराब होने लगे। अब स्थिति यह है कि सड़क किनारे लगे हुए दो तिहाई स्ट्रीट लाइट खराब होकर बंद हो चुके हैं या जल-बुझ रहे हैं।
नगर पंचायत के विनोद मद्धेशिया, शिवकुमार, विवेकानन्द त्रिपाठी, रामशंकर, संतोष गुप्ता, मो. शरीफ, शिवशंकर, बलराम सिंह, रामनयन, मो. सफी आदि ने कहा कि चार माह पूर्व सड़क किनारे लगी स्ट्रीट लाइट से आस पास रहने वालों के साथ ही राहगीरों को भी आवागमन में काफी सहूलियत हो गई थी। सड़क पर अंधेरा होने से नाली निर्माण के लिए सड़क किनारे रखी हुई गिट्टी से फिसल कर कई लोग चुटहिल हो चुके हैं।
इस बाबत अधिशासी अधिकारी संदीप सरोज ने बताया कि बंद या खराब हो चुके सभी लाइटों को शीघ्र ठीक करने का निर्देश ठेकेदार को दे दिया गया है। लाइट ठीक नहीं होने पर संबंधित पर कार्रवाई की जाएगी।