- बगहिया पश्चिमी में समस्याओं का अंबार, पेयजल का इंतजाम नहीं, सफाई व्यवस्था भी बदतर
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। नगर पालिका परिषद खलीलाबाद के बगहिया पश्चिमी में समस्याओं का अंबार है। यहां की बदहाल सड़कें और बजबजाती नालियां लोगों की मुसीबत बढ़ा रही हैं। नगर निकाय चुनाव हुए करीब तीन माह बीत गए, लेकिन समस्याएं जस की तस बनी हुई हैं।
नगर पालिका परिषद के बगहिया पश्चिमी की आबादी करीब 3000 है। मोहल्ले में जाना वाला मार्ग जगह-जगह टूट गया है। बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं। बारिश के दौरान इन गड्ढों में पानी भर जाता है। सड़क और गड्ढे का अंतर कर पाना संभव नहीं होता है। लोगों को आने-जाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। इस मोहल्ले से जुड़े क्षेत्र मोहद्दीनपुर को जोड़ने वाला मार्ग काफी जर्जर हो गया है। मोहल्ले में पेयजल की व्यवस्था नहीं हो सकी है। लोगों को हैंडपंप के पानी के सहारे काम चलाना पड़ता है। कुछ लोग डिब्बा बंद पानी मंगाते हैं, जिसे पर उन्हें प्रति डिब्बा करीब 600 रुपये खर्च करने पड़ रहे हैं। मोहल्ले में नालियां तो बनी हैं, लेकिन अधिकतर नालियां जाम पड़ी हैं और बजबजा रही हैं। नालियां खुली होने से लोग कूड़ा-कचरा नालियों में ही फेंक दे रहे हैं। इससे समस्या और बढ़ गई है। नई बसे क्षेत्र में बांस-बल्ली के सहारे बिजली की आपूर्ति हो रही है। ऐसे में हल्की हवा चलने पर बिजली आपूर्ति में बाधा खड़ी हो जाती है।
बगहिया पश्चिमी में नालियों की सफाई नियमित रूप से नहीं हो रही है। इसके कारण नालियां जाम हो गई है। नालियों से दुर्गंध उठ रही है। इससे संक्रामक बीमारियों के फैलने की आशंका बनी रहती है। -साधूराम, नागरिक
मोहल्ले में पेयजल की कोई व्यवस्था नहीं है। मजबूरी में डिब्बा बंद पानी मंगाना पड़ता है। चुनाव के दौरान आश्वासन मिला था कि पेयजल के लिए इंतजाम होंगे, लेकिन अब तक कुछ भी नहीं हुआ है। -महेश कुमार, नागरिक
मोहल्ले में जाने वाली सड़क बदहाल है। जिसके कारण आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ता है। बारिश होने पर सड़क पर बने गड्ढों में पानी भर जाता है, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। -मंटू, नागरिक
मोहल्ले के नए बसे क्षेत्रों में बांस-बल्ली के सहारे बिजली की आपूर्ति हो रही है। हल्की हवा चलने पर बार-बार बिजली आपूर्ति बाधित होती है। इसके साथ ही साफ-सफाई व्यवस्था भी ठीक नहीं है। -चंदन, नागरिक
विकास के लिए कार्य योजना तैयार की जा रही है। जल्द ही सभी वार्डों में विकास के कार्य कराए जाएंगे। सफाई कर्मियों को निर्देश दिया गया है कि नियमित रूप से सफाई का कार्य करें। -विनय कुमार मिश्र, ईओ, नगर पालिका खलीलाबाद