धनघटा। महुली क्षेत्र के एक गांव के रहने वाले युवक की बुधवार को शादी हो रही थी। उधर गांव की ही रहने वाली एक युवती ने युवक के खिलाफ दुष्कर्म करने, विरोध पर जानमाल की धमकी देते हुए ज्वलनशील पदार्थ फेंक देने का आरोप मढ़ा। पुलिस ने देर शाम आरोपी युवक पर दुष्कर्म, ज्वलनशील पदार्थ फेंकने और जानमाल की धमकी देने का केस दर्ज किया।
पीड़ित युवती का आरोप है कि पुरानी रंजिश को लेकर गांव के युवक ने उससे जबरन शारीरिक संबंध बनाया। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देने और शोर मचाने पर शरीर पर ज्वलनशील पदार्थ फेंक दिया। पीड़ित ने बुधवार को पुलिस से शिकायत की। एसओ भगवान सिंह ने बताया कि 27 वर्षीय पीड़ित युवती की पहले शादी हुई थी। बाद में रिश्ते में दरार आ गई तो संबंध विच्छेद हो गया। पति-पत्नी अलग-अलग रहने लगे। बाद में युवती का मायके में आरोपी युवक से संबंध हो गया। उसके बाद कुछ बात बिगड़ी तो युवती ने आरोपी युवक के खिलाफ छेड़खानी का केस दर्ज कराया। बाद में पीड़िता के बयान पर दुष्कर्म की धारा बढ़ी। आरोपी जमानत पर छूट कर घर आ गया है।
बुधवार को ही आरोपी युवक की शादी हो रही थी। इधर युवती ने आरोप लगाया कि 29 मई की रात में वह घर के पीछे नित्य क्रिया के लिए गई थी। उसी दौरान आरोपी मौके पर पहुंच गया और उससे दुष्कर्म किया। विरोध करने पर उसके ऊपर ज्वलनशील पदार्थ फेंक दिया। हाथ और चेहरे पर छीटें पड़ीं। एसओ ने बताया कि आरोपी युवक के खिलाफ दुष्कर्म, धमकी देने व शरीर पर ज्वलनशील पदार्थ फेंकने के आरोप में मुकदमा दर्ज कर लिया गया। विवेचना में जो तथ्य सामने आएंगे, आगे वैसी कार्रवाई की जाएगी।