मेंहदावल बाईपास के पास चल रहा अवैध अवैध टैक्सी स्टैड़।संवाद
संतकबीरनगर। सीएम योगी आदित्यनाथ ने शहर में अवैध टैक्सी स्टैंड को पूर्ण रूप से बंद करने का निर्देश दिया है। इसके बावजूद कई जगह अवैध स्टैंड चल रहे हैं। मनमाने ढंग से चालक शहर में कहीं भी वाहन खड़ा कर सवारियां भर रहे हैं। इससे जहां यात्रियों को परेशानी हो रही है वहीं अक्सर जाम की स्थित उत्पन्न हो रही है।
खलीलाबाद में नगर पालिका परिषद ने टैक्सी स्टैंड निर्धारित कर रखा है। जहां से विभिन्न क्षेत्रों के लिए सवारियां बैठाई जाती हैं, लेकिन इधर वाहन चालकों की मनमानी के चलते शहर में कई जगहों पर अवैध रूप से टैक्सी स्टैंड बन गए हैं। स्थिति यह है कि शहर के मेंहदावल बाईपास, आजाद चौक, मुखलिसपुर तिराहा, अस्पताल चौराहा आदि जगहों पर अवैध स्टैंड का संचालन हो रहा है। वाइन चालक जहां चाह रहे हैं वहीं वाहन खड़ा कर सवारियां भर रहे हैं।
इस दौरान सवारी बैठाने के चक्कर में कई बार वाहन चालकों के बीच विवाद हो रहा है। इससे यात्रियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कारण यह है कि वाहन चालक जबरन यात्रियों का सामान वाहन में रख लेते हैं। हालांकि शहर के विभिन्न चौराहों पर यातायात पुलिस तैनात है, फिर भी वाहन चालकों की मनमानी पर अंकुश नहीं लग पा रहा है।
शहर के निवासी सुरेंद्र कुमार, राकेश कुमार आदि ने कहा कि वाहन चालक मनमाने ढंग से दुकानों के सामने वाहन खड़ा कर देते हैं, जिससे ग्राहक दुकान तक नहीं आ पा रहे हैं। मना करने पर विवाद करने से भी नहीं हिचकते हैं। यही नहीं मनमाने ढंग से वाहन खड़ा होने से अक्सर शहर में जाम की स्थिति पैदा हो रही है। लोगों ने मांग किया कि वाहनों को निर्धारित स्थानों पर ही खड़ा कराने के लिए कदम उठाया जाए।
शहर में मनमाने ढंग से वाहन खड़ा करने वालों के खिलाफ अभियान शुरू किया गया है। जो भी चालक निर्धारित स्टैंड के अलावा अन्य कहीं वाहन खड़ा कर सवारियां भरते पाया जाएगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
-परमहंस, यातायात प्रभारी