धनघटा। क्षेत्र के छपरा मगर्वी गांव निवासी किसान ने हल्का लेखपाल से जमीन की पैमाइश करके विवाद का निस्तारण करने की बात कही तो लेखपाल ने उल्टे उसके विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराने की धमकी देकर चुप कर दिया। किसान और लेखपाल के बीच हुई बातचीत सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
छपरा मगर्वी निवासी उत्तमचंद का आरोप है कि 15 बिस्वा के नंबर में एक बिस्वा जमीन उसके नाम से है। शेष रकबा गांव निवासी दूसरे व्यक्ति के नाम है, लेकिन विपक्षी पूरे नंबर पर कब्जा जमा रखा है। जमीन की पैमाइश करके एक बिस्वा जमीन दिलाने का अनुरोध करते हुए एसडीएम को प्रार्थनापत्र दिया। एसडीएम ने विवाद के निस्तारण का आदेश लेखपाल और कानूनगो को दिया। एक दिन लेखपाल मौके पर गए और मौका देखकर यह कह करके लौट गए की दूसरे दिन आएंगे। जमीन की पैमाइश करके समस्या का समाधान कर देंगे। वह मंगलवार को आने के लिए बोले थे। मंगलवार की सुबह जब टेलीफोन पर उनसे आने का समय पूछा तो वह बिफर पड़े। उन्होंने कहा कि तुम खुद गलत हो। ज्यादा बकवास करोगे और बार-बार उच्चाधिकारियों को प्रार्थना पत्र देकर परेशान करोगे तो तुम्हारे खिलाफ एफआईआर दर्ज करा देंगे। इतना कह कर लेखपाल ने फोन काट दिया। फरियादी न्याय के लिए मंगलवार को पूरा दिन तहसील का चक्कर लगाता रहा। लेखपाल और किसान के बीच हुई बातचीत का ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। एसडीएम धनघटा उत्कर्ष श्रीवास्तव ने कहा कि मामला संज्ञान में है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।